






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अप्रैल 2024। रमजान का महीना पूरा होने के बाद गुरुवार को क्षेत्र में ईद का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह 8.15 बजे कालू बाईपास स्थित बड़ी ईदगाह एवं नेशनल हाइवे स्थित छोटी ईदगाह में सामूहिक नमाज अदा की गई। बड़ी ईदगाह में जमा मस्जिद के इमाम मौलाना फजल हक ने और छोटी ईदगाह में मौलाना शहबाज ने नमाज अदा करवाई एवं अमन चैन की दुआएं मांगी। नमाज के बाद एक दूसरे से गले मिल कर मुबारकबाद दी गई और अस्थाई दुकानों से बच्चों ने खरीददारी भी की। ईदगाह के बाहर मेले का माहौल रहा व नए कपड़ो में इत्र लगाए मुस्लिम समुदाय के लोगो ने खुशियां मनाई। ईदगाह के बाहर कांग्रेस नेता केसराराम गोदारा, विमल भाटी, भाजपा नेता विनोदगिरी गुसांई, महावीर अडावलिया, महेश राजोतिया, भवानी तावनियाँ, ओमप्रकाश फुलभाटी, पवन इन्दोरिया आदि भी पहुंचे व ईद की मुबारकबाद दी। ईद के मौके पर ईदगाह की सजावटें की गई एवं प्रशासन भी खासा सक्रिय रहा। ईदगाह में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। लोगो ने खुले मन से जकात भी की। ईद की नमाज के बाद घरों में भी पकवान बने एवं लोगो ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाई।











