May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-04-20 at 21.55.12

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अप्रैल 2024। घर के सामने बैठ कर शराब पी रहें चार युवकों को मना करने पर युवकों ने बुजुर्ग दंपती सहित उसके पुत्र के साथ मारपीट करते हुए उन्हें चोटिल कर दिया। हैड कांस्टेबल बलवीर सिंह ने बताया कि गांव बाडेला निवासी 70 वर्षीय भंवरलाल पुत्र चुनाराम कुम्हार ने इसी गांव के किशनाराम नायक, कुशलाराम नायक व बेनीसर निवासी जगदीश नायक व शेराराम नायक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात चारों आरोपी उसके घर के दरवाजे के आगे बैठकर शराब पीने लगे और आपस में जोर जोर से गाली गलौच करने लगे। परिवादी बाहर आया और उन्हें गाली गलौच करने से मना किया तो चारों ने आवेश में आकर उसे खिंचकर घर से बाहर निकाल लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए उसे चोटिल कर दिया। परिवादी का पुत्र सुखराम उसे बचाने आया तो आरोपी किशनाराम ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर उसका सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर परिवादी की पत्नी बाहर आई तो आरोपियों ने उसकी लज्जा भंग करते हुए मारपीट कर उसे भी चोटें पहुंचाई। आरोपी महिला के गले से सोने के फुलड़े तोड़ कर झूठे मुकदमे में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।