






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 मई 2024। गांव सेरूणा में हाइवे पर स्थित थाने के निकट ही दो ढाणियों में हुई चोरी की वारदात में 5 लाख 12 हजार रूपए नगदी व लाखों के गहने चोरों की भेंट चढ़ गया है। कालूराम पुत्र भैराराम खाती व चंदूराम जाट ने सेरूणा थाने में मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि उनकी ढाणी आबादी के पास स्थित है और कल रात को वे परिवार सहित खाना खाकर सो गए। कालूराम ने बताया कि देर रात 1 बजे के बाद चोर घर में घुसे और संदूक व अलमारी के ताले तोड़कर 2,50 लाख नगदी, 2.5किलो चांदी, 8 सोने की अंगूठियां,दो जोड़ी सोने के लूंग, 1 टुस्सी, एक बोरिया, 3 फुलड़े, 1 कालर, सहित 3 जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। वहीं दूसरे मामले में चंदूराम जाट ने पुलिस को बताया कि ढाणी में बने घर में बीती रात चोर घुसे और संदूक के ताले तोड़कर 2.62हजार नगदी, सोने का मंगलसूत्र, फुलड़े, झूमके, हार, बाजुबंद सहित चांदी के कड़े, 7 जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को सौंप दी है।
सेरूणा से प्रतिनिधि मंडल मिला एसपी से, जताई नाराजगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव में बड़ी चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों में खासी नाराजगी है। सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ के साथ एक प्रतिनिधि मंडल एसपी तेजस्विनी गौतम से मिलने पहुंचा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों में कार्रवाई करने, चोरों को गिरफ्तार करने व पीड़ितों को सामान बरामद करवाने की बात कही। राठौड़ ने बताया कि एसपी ने श्रीडूंगरगढ़ शहर व गांवों में हो रही चोरियों की घटनाओं के लिए थाना इंचार्ज को गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने संबंधी निर्देश दिए है। एसपी ने एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड दल भेजकर अपराधियों को पकड़ने के लिए सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी ग्रामीणों को दिया। वहीं डॉ विवेक माचरा ने भी पुलिस अधिकारियों से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हो रही चोरियों के लिए संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
सुरजनसर में ग्रामीणों ने बनाया सुरक्षा घेरा, पहरा शुरू, अनजान से आधार अनिवार्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत 24 अप्रैल को सुरजनसर गांव में चार घरों में ताले तोड़ कर चोर घुसने के बाद सरपंच की अगुवाई में जागरूक ग्रामीणों ने बैठक का आयोजन किया। यहां गांव में पहरा देने का फैसला लिया गया। ग्रामीणों ने अलग-अलग मोहल्ले की अलग-अलग टोलियां बनाई। टोली के सदस्य रोजाना हाथों में लाठियां लेकर रात को मोहल्लों में पहरा दे रहें है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गांव में आने वाले फेरी वालों से भी आधार कार्ड लेकर एंट्री की जा रही है। गांव में किसी अनजान के घुमते हुए नजर आने पर तुरंत पूछताछ करने, उसके आधार कार्ड की जांच करने व पुलिस को सूचना देने के नियम बनाए गए है। शर्मा ने बताया कि पहरा देने वालों को गाड़ी जरूरत होने पर गाड़ी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरा गांव एकजुट है और गांव के युवा बढ़चढ़ कर अपनी जिम्मेदारी उठा रहें है।





