May 21, 2026
sri-news-banner-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 मई 2024। कॉटन व मूंगफली की बिजाई का सीजन प्रारंभ हो गया है और विभिन्न कंपनियां बीज व कीटनाशकों के प्रचार में जुटी है। ऐसे में असली के साथ नकली कंपनियों के प्रतिनिधि भी गांव, ढाणी तक पहुंच कर कृषकों को झांसे देने में लगे है। हनुमानगढ़ क्षेत्र में एक जागरूक किसान द्वारा एक ऐसा गिरोह पकड़वाया गया जो राजस्थान में रजिस्टर्ड ही नहीं था। ऐसे मामले सामने आने के बाद बीकानेर में कृषि विभाग भी सचेत हो गया है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी मूंगफली व कॉटन का बढ़ता एरिया इन गिरोहों के लिए मौका उपलब्ध करवाता है। ऐसे में जरूरी है किसान जागरूक हो और नकली बीज या कीटनाशक बेचने वालों से सावधान रहें। कृषि विभाग ने एक्शन प्लान बनाते हुए किसानों को गुणवत्तायुक्त सही बीज दिए जाने की जुगत में लग गया है। आज विभाग ने निरीक्षकों की टीमों का गठन कर श्रीडूंगरगढ़ सहित बीकानेर व लूणकरणसर क्षेत्र में निरीक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया है। अधिकारियों ने मूंगफली व कपास के बीजों के आने वाले सभी लॉटों से सैंपल लेने के निर्देश दिए है।

निरीक्षकों की टीमों का गठन, दिए सैंपल लेने के निर्देश। 
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आगामी खरीफ सीजन के मध्य नजर कृषि विभाग के कृषि निरीक्षकों की टीम सक्रिय हो गई है। आयुक्त (कृषि) कन्हैयालाल स्वामी द्वारा प्रदत निर्देशों की अनुपालना में बुधवार को संयुक्त निदेशक (कृषि) कैलाश चौधरी की अगुवाई में कृषि निरीक्षकों की टीम ने लुणकनसर, बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़ आदि क्षेत्रों में कृषि आदान प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण प्रारंभ कर दिया है। आज भी अनेक स्थानों से बीटी कपास के 20 नमूने लिए गए है। चौधरी ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन के मध्येनजर बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के क्रम में आगामी दिनों में भी कृषि आदान निरीक्षक बीटी कपास फसल के बीजों के सैंपल प्रमुखता से लेंगे। चौधरी ने बताया कि जिले में कपास का क्षेत्रफल एवं उत्पादन व्यापक रूप से बढ़ रहा है और मूंगफली की खेती का बहुत बड़ा क्षेत्रफल है। इसे ध्यान रखते हुए सभी कृषि निरीक्षकों को निर्देशित किया कि जिले में आपूर्तित समस्त कंपनियों के समस्त लॉट के बीटी कपास व मूंगफली बीज के सैंपल लिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त सही बीज मिले, यह कृषि विभाग की प्राथमिकता है। इसलिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अमानक पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। संयुक्त कार्यवाई में कृषि निरीक्षक कैलाश चौधरी के साथ भैराराम गोदारा, अमर सिंह गिल, महेंद्र प्रताप, मीनाक्षी पंवार , गिरिराज चरण ओमप्रकाश तर्ड कृषि विभागीय अधिकारी टीम में साथ रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कृषि निरीक्षकों ने सैंपल लेने प्रारंभ किए।