May 20, 2026
गांव की जनसमस्याओं के साथ विकास के मुद्दे उठे, गश्त बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने सहित बिजली, पानी की मांगे छाई रही, दिया आश्वासन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2024। ग्राम पंचायत शेरूणा में बीती रात करीब 11.15 बजे तक संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी ने रात्रिकालीन चौपाल में जनसुनवाई की। सरपंच प्रतिनिधि भरतसिंह राठौड़ ने क्षेत्र में बढ़ती चोरियों का मुद्दा उठाते हुए गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए नारसीसर गांव में आगनबाड़ी भवन निर्माण, नारसीसर में टयूबवेल निर्माण, अंडरब्रिज कार्य पूरा करवाने, अनेक स्थानों पर पाइपलाइन की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने 10 हजार की आबादी में तीन ट्यूबवेल जिसमें कब्रिस्तान का ट्यूबवेल बंद होने व गोदारा बास का ट्यूबवेल मात्र 2 घंटे चलने की आवाज उठाते हुए पेयजल व्यवस्तथा दूरस्त करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए नया ट्रासंफार्मर लगवाने की मांग करते हुए गांव में ओरण भूमि व जोहड़ पायतन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीण भंवरलाल, मूलाराम, सुरजाराम, खेताराम, हेमाराम, रामचंद्र व रामेश्वरलाल ने हाइवे पर स्थित गांव के आस पास सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने की मांग करते हुए स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांग की। रणवीरसिंह राठौड़ ने नारसीसर के प्राथमिक विद्यालय को क्रमोन्नत करने, हेमेरा, राजेरा सड़क की मांग की। इस दौरान संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी ने समस्याओं को सुना व ज्ञापन भी लिए। अधिकारियों को पेयजल की समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए। सिंघवी ने संबंधित विभागों से सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। इस दौरान चौपाल में एडीएम दुलीचंद मीणा, उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, सीओ निकेत पारीक, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, विकास अधीकारी मनोज धायल, पीडब्ल्यूडी के एईएन राजेश मीणा, डॉ प्रतिभा चन्देल सहित अनेक विभागों के प्रतिनिधि अधिकारी मौजूद रहें।