May 21, 2026
sri-news-banner-Recovered-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जून 2024। गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ जागरूक ग्रामीण लामबंद होकर सैंकड़ो की संख्या में विधायक लोक सेवा केंद्र पहुंचे है। विधायक ताराचंद सारस्वत से मुलाकात कर इन ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब के व्यापार को बंद करवाने की मांग की है। गांव धीरदेसर चोटियान में ग्रामीण लंबे समय से शराब का अवैध ठेका बंद करने के लिए प्रयासरत है। शराब के कारण बढ़ते अपराध व सामाजिक विघटन के खतरे के प्रति लगातार जागरूकता का प्रसार करने वाले एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य के सान्निध्य में तथा सरपंच रामचंद्र चोटिया की अगुवाई में शनिवार को सैंकड़ो ग्रामीणों ने एकस्वर में गांव में शराब बिक्री बंद करवाने की मांग उठाई है। सरपंच ने रामचंद्र चोटिया ने बताया कि 8 फरवरी 2024 को प्रशासन व विधायक की दखल से थोड़े दिन शराब की अवैध बिक्री बंद रही परंतु अब माफियाओं ने पुन: विद्यालय के पीछे और खेल मैदान के पास शराब बेचना प्रारंभ कर दिया गया है। एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने कहा कि इससे गांव में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट की घटनाएं बढ़ने के साथ ही छात्रों के चरित्र पर भी दुष्प्रभाव पड़ रहा है। सभ्य समाज के लिए नशे की बढ़ती प्रवृत्ति खतरनाक साबित होगी और गांव में इस अवैध शराब व्यापार को सख्ती से बंद करवाया जाना चाहिए। इस मुहिम में गांव राउमावि के प्रधानाचार्य व स्टाफ भी अपनी भागीदारी निभा रहें है। ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा जिसपर ग्रामीण महिलाओं सहित सैंकड़ो ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए गए है। विधायक ने इस बाबत सख्त व सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने थानाधिकारी इंद्रकुमार को फोन किया व गांव में अवैध शराब बिक्री को तुरंत बंद करवाने की बात कही। विधायक ने कहा कि समस्या का पूरी तरह से निस्तारण किया जाना चाहिए। इस दौरान गांव के शेराराम, कुशलाराम, लेखराम, ओमप्रकाश, भंवरलाल चोटिया, नोरंगलाल, भानीराम, जोराराम, सांवरमल, मालाराम, लिछुराम, मांगीलाल सहित सैंकड़ो ग्रामीण व युवा गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे और अपना पूरजोर विरोध जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर चोटियान के सैंकड़ो ग्रामीणों ने विधायक से की मांग, तुरंत बंद हो अवैध शराब बिक्री।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीणों ने महिला शक्ति सहित सैंकड़ो ग्रामीणों के हस्ताक्षर करवा ज्ञापन सौंपा विधायक को, विधायक ने दिया आश्वासन।