






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जून 2024। ग्राम पंचायत सुरजनसर में बीती रात उपखंड अधिकारी उमा मित्तल की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आड़सर टोल पर ग्रामीणों से अवैध वसूली का मुद्दा छाया रहा। युवाओं व ग्रामीणों ने एक स्वर में सुरजनसर रोड की गाड़ियों से जबरन टोल वसूली करने, आए दिन ग्रामीणों के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि इस टोल पर सुरजनसर गांव की गाड़ियां जाती ही नहीं फिर भी उनसे टोल वसूला जा रहा है। इस पर अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बिजली कटौती और पेयजल की विभिन्न समस्याएं उठाते हुए बंद ट्यूबवेलों को शीघ्र चालू करवाने की मांग की। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं रहने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। सभी समस्याओं पर मित्तल ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को नैतिकता व भाईचारे के साथ गांव में रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने योग दिवस की जानकारी देते हुए योग करने व गांव में महिला शिक्षा के प्रति जागरूकता की बात कही। चौपाल में तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, विकास अधिकारी मनोज धायल, सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, वार्ड पंच व ग्रामीण शामिल हुए। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने गांव पशु चिकित्सालय का भवन निर्माण करवाने व पशुओं के लिए पर्याप्त दवाईयों की व्यवस्था किए जाने की मांग की। शर्मा ने चौपाल की व्यवस्थाएं करते हुए सभी अधिकारियों व ग्रामीणों का आभार जताया।




