






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जुलाई 2024। गत सरकार द्वारा लिए गए विभिन्न योजनाओं के निर्णयों को तो भाजपा सरकार ने रोका व बदला है लेकिन जहां सरकार की आय में बढ़ोतरी हो रही है वहां सरकार गत सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को सख्ती से लागू कर रही है। यही देखने को मिला है मंडी में होने वाली खरीद-फरोख्त में किसान कल्याण शुल्क के संबध में। मंडी शुल्क से यह अतिरिक्त शुल्क गत सरकार ने 1 प्रतिशत के रूप में लगाया था लेकिन व्यापारियों ने जम कर विरोध किया। विरोध को देखते हुए गत सरकार ने इसमें .50 प्रतिशत की अस्थाई छूट दी थी। यह छूट लगातार रिव्यू करते हुए बढ़ाई जा रही थी लेकिन अब भजनलाल सरकार ने यह छूट नहीं बढ़ाई व 1 जुलाई से मंडी में किए गए व्यापार पर 1 प्रतिशत पूरा ही किसान कल्याण शुल्क लागू हो गया है। ऐसे में व्यापारी भी पुन: हड़ताल पर जा रहे है। श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू एवं उपाध्यक्ष लालचंद सिद्ध ने बताया कि प्रदेश स्तर पर बने राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ ने इस संबध में लगातार सरकार से सम्पर्क किया और सरकार द्वारा राहत देने का आश्वासन भी दिया गया। लेकिन आज तक आदेश नहीं निकाले गए है व इस कारण राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर राजस्थान की समस्त मंडियों में मंगलवार से चार दिनों तक सांकेतिक बंद रखा गया है। इस बंद के कारण श्रीडूंगरगढ़ मंडी में भी आगामी 4 दिन पूर्णतया व्यापार बंद रहेगा व किसी भी जिंस की निलामी नहीं होगी।




