






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जुलाई 2024। शुक्रवार रात मानसून के बादल करीब 2 घंटे जमकर बरसे। श्रीडूंगरगढ़ शहर व गांवो में सैंकड़ो घरों में पानी घुस गया और आज सुबह लोगों के घर बाहर पानी पानी नजर आ रहा है। गांव मोमासर में रात रास्तों में भारी जलभराव हो गया जिससे जयपुर से लूणकरणसर वाया मोमासर चलने वाली निजी ट्रेवल्स की बस पानी में फंस गई। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ना। रात्रि में ट्रैक्टर से टोचन कर बस को निकाला गया। वहीं कस्बे में चारों मोहल्लों के निचले स्थानों पर पानी भर गया है। कस्बे की गलियों में पानी की चादर चलने लगी वहीं गांवो की गुवाडो में पानी भर गया। गांव बिग्गा, बिग्गाबास रामसरा, धीरदेसर पुरोहितान, चोटियान, आडसर पुरोहितान, डेलवां, बीरमसर, लालासर, जैसलसर में तूफानी बरसात हुई। अंचल में शुक्रवार शाम तेज अंधड़ आया और उसके बाद जोरदार बारिश हुई। धीरदेसर चोटियान में करीब 30 मकानों में पानी घुस गया और करीब 5 मकानों में तो रहवासियों ने डर के साए में रात बिताई। अनेक बिजली पोलों को नुकसान हुआ है। बता देवें चूरू के अनेक इलाकों में जमकर बरसात हुई है। जैसलसर व बिग्गा अंडर ब्रिज में पानी भरने से स्कूली बच्चों को सुबह बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है। वहीं अनेक स्कूलों में पानी भरने से स्कूलों में छुट्टी भी रखी गयी है। विदित रहें मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तेज आंधी व बरसात का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार चूरू बीकानेर सहित 20 जिलों में आज आंधी के साथ भारी बरसात की संभावना जताई गई हैं। वहीं किसानों व पशुपालकों को टिन शेड सहित जान माल की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखने की सलाह भी मौसम विज्ञानियों ने दी है।










