






धीरदेसर पुरोहितान में होगा 19 को रक्तदान शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आगामी 19 जुलाई को क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान के राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर आयोजक नितिश मेहरा ने बताया कि उनकी माता दिवंगत विमला देवी मेघवाल की स्मृति में उनकी चतुर्थ पुण्यतिथि पर 19 जुलाई को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। शिविर में किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने के लिए अनेक युवा रक्तदान करेंगे। रक्त संग्रहण पीबीएम की टीम करेगी। उनके युवा साथी उत्साह के साथ शिविर की तैयारियों व प्रचार प्रसार में जुट गए है।
समाज एकता के लिए प्रयास श्रीडूंगरगढ़ से प्रारंभ, लिया संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई 2024। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ के दधीमति माता मंदिर में महर्षि दधीचि जन कल्याण संस्थान का विधिवत कार्य प्रारंभ किया। संस्थान अध्यक्ष जयपुर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अशोक व जोधपुर से महासचिव नवनारायण शर्मा, समन्व्यक जगदीश दाधीच ने समाज बंधुओं की बैठक ली। संगठन के पदाधिकारियों ने समाज को एकजुट होने की प्रेरणा देते हुए समाज एकता का नारा बुलंद किया। अध्यक्ष ने समाज के सभी सदस्यों द्वारा समाज एकता के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान बैठक में बाबूलाल आसोपा, पुजारी सीताराम आसोपा, गिरीराज आसोपा, नारायण आसोपा, जगदीश कुदाल, राजू आसोपा, कैलाश आसोपा, पार्षद रजत आसोपा सहित अनेक युवा शामिल हुए।

तोलियासर में 10 प्रकार के 1800 पौधों का होगा वितरण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव तोलियासर की श्रीभैरव भक्त मंडल नंदी शाला के सहयोग से गांव में 1800 पौधों का वितरण किया जाएगा। नंदी शाला के व्यवस्थापक राजाराम राजपुरोहित ने बताया कि संस्था के डॉ ललित सोमाणी की प्रेरणा से दानदाता कमल लाहोटी के आर्थिक सहयोग से उन्नत किस्म के 10 प्रकार के फुलदार व फलदार पौधे वितरित किए जा रहें है। राजाराम ने बताया खेतेश्वर वाटिका वृक्षारोपण अभियान के तहत 2016 से पौधारोपण की मुहिम चल रही है। जिसके तहत प्रतिवर्ष हजारों पौधे वितरित किए जाते है और ग्रामीणों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार को वितरण में शिक्षक प्रकाश, रोहिताश, नेमीचंद, भंवरसिंह, गणेशसिंह, अनील सहित समिति सदस्य मौजूद रहें। सभी ने ग्रामीणों को प्रकृति संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

स्कॉउट गाइड ने लगाए पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर में राउमावि प्रांगण में स्कॉउट गाइड ने सोमवार को पौधारोपण किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अनीता दोचानिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण का महत्व समझाते हुए पौधारोपण से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान गाइडर बबली मीणा ने प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। बालिकाओं ने पौधों का संरक्षण करने का भी संकल्प लिया।

एबीवीपी की नगर बैठक में कार्यकारिणी का गठन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन एबीवीपी ने आज नगर बैठक का आयोजन बाहेती भवन में किया। जिसमें विभाग के संगठन मंत्री अरविंद चौधरी, जिला संयोजक पुनीत शर्मा, जिला प्रमुख अशोक सिंह शामिल हुए। इस दौरान नई नगर कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष महेंद्रसिंह को तथा लालचंद मेघवाल को नगर मंत्री बनाया गया। नगर सह मंत्री का दायित्व रणजीत बावरी, रामकरण नायक, सीमा तावणियां, श्रवण नाई, खेलो भारत संयोजक किशन, कार्यालय मंत्री लालचंद शर्मा, राष्ट्रीय कला मंच संयोजक भूमिका एसएफएस संयोजक भावना सिंधी, नगर कार्यकारिणी सदस्य धन्नाराम, कैलाश, श्याम, योगेश, नैना लांबा, कैलाश सारस्वत, श्याम सारस्वत, दानाराम धतरवाल, भूमिका सारस्वत, लीला सहित अनेक सदस्य मौजूद रहें।

आड़सर में ट्रांसफार्मर पहुंचाने पर विधायक का जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव आड़सर के जीएसएस में शनिवार को ट्रांसफार्मर जल गया। ग्रामीणों ने विधायक को सूचना देते हुए पॉवर ट्रान्सफार्मर की मांग की। सोमवार को 48 घंटे में ट्रांसफार्मर पहुंचने पर सरपंच प्रतिनिधि शिवभगवान जोशी, गंगाधर शर्मा, सुरेशसिंह राजपुरोहित, हनुमान प्रसाद सोनी, नरेशसिंह राजपुरोहित, बीरबल स्वामी, शंकरलाल लखारा, भगवती प्रसाद लखारा, हेतराम नायक, मनोज जोशी, सत्यनारायण व्यास, बनवारी लाल व्यास सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं और किसानों ने विधायक का आभार जताया।

गौवंश के लिए लापसी भंडारा कर मनाई खुशियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर की श्रीकरणी गौशाला में दानदाता परिवारों ने गौवंश को लापसी भंडारा खिलाकर अपने जन्म दिवस एवं वैवाहिक वर्षगांठ की खुशी दान पुण्य कर मनाई। दुलचासर निवासी व पुणे प्रवासी राजेंद्र कुमार सोनी ने अपने जन्मदिन पर तथा जयपुर की विमला देवी व सचिन कुमार सारस्वत ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर गौवंश के लिए एक एक कढ़ाई लापसी भंडारा किया। लापसी वितरण में समिति के किशोर सिंह, ओम सिंह, गौपालक प्रेम देवासी ने सहयोग किया। समिति परिवार ने दानदाताओं का आभार जताया।





