






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जुलाई 2024। क्षेत्र का गांव बरजांगसर मंगलवार शाम को देशभक्ति के जयकारों से गूंज उठा, जब गांव के बेटे और बीएसएफ में तैनात हैडकांस्टेबल दानाराम सिहाग की पार्थिव देह तिरंगे में लिपट कर गांव पहुंची। सिहाग को गमगीन माहौल में देशभक्ति के जयकारे, हवाई फायरों और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। विदित रहें कि वीर दानाराम सिहाग 24 वर्ष पूर्व बीएसएफ में शामिल हुए थे एवं वर्तमान में जम्मू में पोस्टेड थे। जम्मू से पूरी बटालियन के साथ वे अपने एक अधिकारी के यहां मायरे के आयोजन में भाग लेने रायसिंहनगर गए थे। वहीं पर तबीयत खराब होने के कारण उन्हें बीकानेर लाकर पीबीएम में भर्ती करवाया गया। जहां ईलाज के दौरान मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे उनका देहांत हो गया। उनकी मौत को ऑन ड्यूटी मानते हुए बीएसएफ द्वारा पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें सलामी दी गई और उनके पुत्र दिनेश, मनीष एवं सांवरमल को तिरंगा प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि बरजांगसर के सिहाग परिवार में 16 भाई है जिनमें से 1 भाई शिक्षक एवं 15 भाई पुलिस, बीएसएफ, सेना आदि बेल्ट सर्विस में देश सेवा से जुडे हुए है। इन 15 में से पुलिस विभाग में कार्यरत रामचंद्र सिहाग का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था एवं अब बीएसएफ में कार्यरत दानाराम सिहाग का निधन हो गया है। सिहाग के निधन पर क्षेत्र में उन्हें बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मिडिया पर भी श्रृद्धांजलि दी।

लिंक पर क्लिक कर देखें सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई का वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/BS6MBFZuhCTTkq9J/?mibextid=jmPrMh हमारे फेसबुक पेज को लाईक शेयर जरूर करें।




