






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जुलाई 2024। अंचल की बेटियां दुष्कर समझे जाने वाले क्षेत्र में भी कामयाब होकर श्रीडूंगरगढ़ की धरती को गौरवान्वित कर रही है। कस्बे की बेटी नंदिनी मारू ने देश के टॉप आईआईटी संस्थान में शामिल भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एयरो स्पेस विभाग में प्रवेश हासिल किया है। नंदिनी ने JEE 2024 की परीक्षा में ऑल इंडिया 5616 रैंक हासिल की और अब उनके खड़गपुर आईआईटी में पढ़ने का सपना साकार होगा। उनके पिता सुरेन्द्र मारू ने बताया कि नंदिनी को एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बचपन से ही रूचि थी और वे लगातार अंतरिक्ष यान के डेवलपमेंट और रिसर्च से संबंधित लेख पढ़ती थी। इस क्षेत्र में काम करने का उनका सपना खड़गपुर के संस्थान में पढ़कर पूरा होगा। नंदिनी की सफलता से उनके दादा दादी ओमप्रकाश व सीतादेवी मारू, माता पूजा सहित पूरा मारू परिवार तथा नागौर स्थित रामकुमार सैन परिवार हर्ष व गौरव से भर उठा है। नंदिनी के मित्रों सहित अनेक जानकार उन्हें बधाइयां दे रहें है।




