






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 सितंबर 2020। रविवार को अलग अलग तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो गाय एक राज्य पशु ऊंट सहित तीन बेजुबानों ने दर्दनाक मौत पाई, वहीं एक गाय को गंभीर हालात में जैतासर गौशाला पहुंचाया गया। आज सुबह एक और दुर्घटना हुई जिसमें एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। ठुकरियासर से धीरदेसर की ओर कलाणा ताल के पास सड़क किनारे बैठी एक गाय के पांवों पर सुबह 4.30 बजे एक ट्रेलर चढ़ गया। गाय के तीन पैर टूट गए और गाय वहीं कराह रही थी। उधर से गुजरने वाले धीरदेसर गांव के सीताराम मंडार ने गौसेवा एवं चिकित्सा मिशन संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार नाई को सूचना दी। नाई ने तुरंत कार्यवाही करते हुए संस्थान के सेवादार युवाओं को भेजकर गाय को प्राथमिक चिकित्सा दी उसे उठवाया व नागौर के गौचिकित्सालय में पहुंचाया। परन्तु सवाल ये उठता है की सड़क किनारे इन बेजुबानों की दर्दनाक मौत पर क्या कोई ह्रदय नहीं पसीजता। पशुप्रेमियों का कहना है कि इन बेजुबान पशुओं के साथ इतनी निर्ममता क्यों.? उनका कहना है कि सामाजिक संस्थाओं को इस सम्बंध में प्रयास करने चाहिए, प्रशासन द्वारा भी संज्ञान लेकर कोई कदम उठाते हुए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों पर रोक का प्रयास किया जाना चाहिए।




