






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सरकारी व निजी विद्यालयों में शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस का रजत समारोह मनाया गया। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कारगिल विजय के योद्धा रहें शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी सहित शहीद हेतराम गोदारा व शहीद राकेश चोटिया के चित्रों पर नागरिकों ने पुष्पाजंलि अर्पित कर शहीद अमर रहें के नारे लगाए गए। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत ने बताया कि ब्लॉक में सरकारी स्कूलों में 25,984 विद्यार्थी व कार्मिक विजय दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी 209 राजकीय विद्यालयों में 22721 विद्यार्थी, 1435 कार्मिक व 1828 अतिथि रूप में नागरिक शामिल हुए है। प्रजापत ने बताया कि स्कूलों में विद्यार्थियों को विजय दिवस के बारे में जानकारी दी गई व 11.25 पर राष्ट्रगान गाया गया। बता देवें जयपुर पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न निजी स्कूलों में भी रजत जयंती महोत्सव मनाया गया।
शहीद स्मारक पर गूंज उठे देशभक्ति नारे, छात्राओं ने रेत पर उकेरी भावनाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोनियासर गोदारान में शहीद स्मारक पर एकत्र होकर ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने कारगिल विजय दिवस मनाया। यहां ध्वजारोहण के साथ दो मिनिट का मौन रखा व 11.25 पर राष्ट्रगान गाया गया। बिग्गाबास रामसरा के शहीद कैप्टन चंद्रचौधरी राउमावि में अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश प्रजापत ने कारगिल युद्ध व युद्ध में कैप्टन सहित शहादत देने वाले 527 वीरों की शहादत व शौर्य के बारे में बताया। प्रजापत ने कहा कि मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान करने वाले शहीद का सम्मान देश के प्रत्येक नागरिक को करना चाहिए। मोमासर में कारगिल विजय दिवस के रजत जयंती महोत्सव पर ईचरज देवी पटावरी राबाउमावि में छात्राओं ने शिक्षक जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में मिट्टी से कारगिल पहाड़ी का चित्र सजाया। विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राओं ने जय घोष किया और दो मिनिट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धाजंलि दी गई। सुमन जोशी ने कारगिल दिवस के बारे में जानकारी दी तथा विद्यालय की प्राचार्य इन्दिरा ने सभी का आभार जताया। इस दौरान विद्यालय में स्टाफ सहित अनेक अभिभावकों ने कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। विदित रहें श्रीडूंगरगढ़ में गठित शहीद समारोह समिति द्वारा क्षेत्र में प्रथम बार विजय दिवस पर राष्ट्रगान का अभियान प्रारंभ किया जो रजत जयंती पर पूरे प्रदेश के सभी स्कूलों तक पहुंच गया है। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देवआंनद लोहामरोड़ इसे देश भर में मनाए जाने की दिशा में प्रयास कर रहें है।
बीकानेर में शहीद स्मारक पर हुआ आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के द्वारा जिला प्रशासन, एनसीसी की 7-राज बटालियन, पूर्वसैनिक कल्याण सहकारी समिति एवं पूर्व सैनिकों के सहयोग से शुक्रवार को पब्लिक पार्क स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि रही व वृष्णि ने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा करते हुए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले देशभक्तों के प्रति प्रत्येक देशवासी को कृतज्ञ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों की वीरता पर हमें गर्व हैं। ऐसे वीरों के कारण हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल की जीत हमारी सेना के अद्मय साहस और शौर्य का परिणाम है। युवाओं को भी देश की सेवा के लिए आगे आना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) उम्मेद सिंह रतनू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता, एनसीसी बीकानेर 7-राज बटालियन कमांडिंग आफिसर कर्नल जॉनी थॉमस सहित राजकीय अधिकारियों, वेटरन ऑफिसर, पूर्व सैनिकों तथा एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी रही। रिटायर्ड कर्नल राजेन्द्र सिंह बीका ने युद्ध से जुड़े अनुभव साझा किए। इसके बाद जिला कलक्टर, एनसीसी केडेटस व पूर्वसैनिकों द्वारा पौधारोपण किया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल यश राठौड ने आभार जताया।














