May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-07-28 at 11.08.39

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2024। जादू टोने का आरोप लगा कर एक बुजुर्ग महिला को उसी के गांव के 6 जनों ने पीटा और गहने छीन लेने की घटना सामने आई है। कितासर भाटियान निवासी 65 वर्षीय लिछमादेवी पत्नी भंवरलाल मेघवाल ने इसी गांव के आरोपी गोमदराम, भगवानाराम व समुद्रराम पुत्र शेराराम मेघवाल, महेंद्र पुत्र भगवानाराम, कानाराम, जीवणराम व नौरंगराम पुत्र समुद्रराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह कोयल पत्नी ओमप्रकाश मेघवाल के साथ शोक की बैठक में बैठकर अपनी ढाणी की ओर लौट रही थी। रास्ते में शेराराम मेघवाल के खेत में पहुंची तो शेराराम की पत्नी ने दोनों को आवाज देकर अपनी ढाणी बुला लिया। दोनों 10-15 मिनिट यहां रूकी और उसके बाद अपनी ढाणी जाने के लिए रवाना हुई। जब दोनों महिलाएं गोमदराम पुत्र टीकूराम मेघवाल के खेत में पहुंची तो गोमदराम ने आड़े फिरकर रास्ता रोक लिया। तभी पीछे से अन्य आरोपी आए व गालियां देते हुए परिवादिया पर जादू टोना करने का आरोप लगाते हुए जमीन पर पटक लिया। आरोपियों ने करीब 10- 15 मिनट उसके साथ मारपीट की और हाथों की चूड़िया तोड़ दी। आरोपी उसके गले से 10 सोने के फुलड़े व 12 सोने के मोती व सोने का मादलिया तोड़कर ले गए। परिवादी ने शनिवार सुबह थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया और पुलिस ने मामले की जांच हैड कांस्टेबल भगवानाराम को दे दी है।