August 30, 2026
ban

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 जुलाई 2024। जान से मारने की नीयत से पीछे गाड़िया दौड़ाने और बाईक को तोड़ डालने के आरोप का पुलिस थाने में मंगलवार को मामला दर्ज हुआ है। गांव लखासर निवासी रामकिशन पुत्र शंकरलाल जाट ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई दोपहर वह गांव बेनीसर में स्थित अपने काश्तशुदा खेत में जा रहा था। हाइवे पर वह अपनी बाईक से साईड में चल रहा था। तभी एक सफेद रंग की बिना नम्बर की कैम्पर गाड़ी उसके बराबर आई और उसमें सवार दो जनों ने उसे गालियां निकाल कर जान से मारने की धमकी दी। कैम्पर चालक ने गाड़ी से बाईक को टक्कर मारने की कोशिश की। जान से बचाने के लिए उसने बाईक को तेज गति से दौड़ाया। रास्ते में एक लड़के ने पत्थर फेंककर उसके पैर पर चोट मारी। इसके बाद वह अपनी बाईक को खड़ा करके एक होटल के अन्दर भाग गया। इतने में पीछा कर रही कैम्पर गाड़ी व उसके साथ में एक अन्य बिना नम्बरी काले रंग की कैम्पर और एक बोलेरो वहां आई। तीनों गाड़ियों में सवार आरोपियों ने होटल के सामने जोर- जोर से चक्कर लगाये और अपनी गाड़ियां उसकी बाईक के ऊपर से निकालकर उसे चकनाचूर कर दिया। बाद में गाड़िया लखासर की तरफ भाग गयी। तीनों गाडियो में करीब 10 जने सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को दी है।