






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2024। दहेज प्रताड़ना से परेशान दो विवाहिताओं ने थाने पहुंच कर पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ मामले दर्ज करवाए है। एक विवाहिता का एक ही वर्ष में घर टूट गया और दूसरी को दहेज के लिए मारपीट की घायल कर दिया तो पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पढें दोनों अपराध खबर:-
एक ही साल में दहेज के लिए टूटा घर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विवाह के एक ही वर्ष में एक नवविवाहिता का घर दहेज दानव के कारण टूट गया। पीड़िता ललिता पुत्री राधेश्याम ब्राह्मण हाल निवासी कालूबास ने सरदारशहर निवासी अपने पति भंवरलाल, ससुर नारायणराम ब्राह्मण, सास सावित्रीदेवी, ननद सुमन के खिलाफ दहेज प्रतापड़ना के आरोप लगाए है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि 17 अप्रैल 2023 को उसका विवाह आरोपी भंवरलाल के साथ हुआ। उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया। परंतु आरोपी लगातार उसे दहेज के लिए परेशान करते हुए मारपीट करने लगे। परिवादिया ने बताया कि आरोपी एक लाख रूपए की मांग पर अड़े रहें व उसका स्त्रीधन लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई इंद्रलाल को सौंप दी है।
मुंह में कपड़ा ठूंस कर की मारपीट की, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुंह में कपड़ा ठूंस कर एक विवाहिता के मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया और पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बीकानेर रेफर कर दिया। पीड़िता सरिता पत्नी डालूराम मेघवाल ने हाल निवासी नोसरिया ने मोमासर निवासी अपने पति डालूराम व ससुर भागूराम, सास सोमती देवी, ननद संतोष के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे लगातार अधिक दहेज व नगदी लाने के लिए परेशान करते हुए मारपीट कर रहे थे। तीन वर्ष पूर्व उसके साथ मारपीट करने से उसके गर्भ में पल रहा बच्चा खत्म हो गया। आरोपियों ने उसका स्त्रीधन हड़प लिया और परिजनों के कई बार समझाईश के बाद भी नहीं माने। 24 जुलाई 2024 को रात 11 बजे आरोपियों ने मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसके साथ मारपीट करते हुए उसका मोबाइल तोड़ डाला। ससुर ने बुरी तरह से पीटा और पीड़िता की बहन धापू और मुन्नी ने उसे छुड़वाने की कोशिश की परंतु आरोपियों ने उसे नहीं छोड़ा। 25 जुलाई को सुबह उसके पिता ने मोमासर चौकी फोन किया तो पुलिस ने उसके ससुराल पहुंच कर उसे अस्पताल पहुंचाया। मोमासर अस्पताल से उसे बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मलकीत सिंह को दे दी है।



