May 21, 2026
IMG-20240804-WA0001

बाइक सवार की मौत से गांव में माहौल गमगीन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2024। शनिवार शाम दिन ढलने के समय हल्के अंधेरे में गांव बिग्गाबास रामसरा के निकट हाइवे पर अचानक एक गाय के आ जाने से एक मोटरसाइकिल सवार उससे टकरा गया। बाइक असंतुलित होने पर सवार सड़क पर गिर गया व गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल धीरदेसर चोटियान निवासी 42 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र अर्जुनराम जाट को गरीब सेवा संस्थान के सेवादार एंबुलेंस से उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां आपणो गांव सेवा समिति व डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के स्वयं सेवक भी पहुंच गए। यहां मेडिकल टीम के डॉक्टर ने घायल को मृत घोषित कर दिया है। मृतक के पास उसका आधार कार्ड मिला जिससे उसकी पहचान हुई व परिजनों को सूचना दी गयी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया व श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने भी अस्पताल पहुंची। गांव में माहौल गमगीन हो गया और रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

थार-बस-ट्रक की टक्कर में थार सवार दो की मौत, एक गम्भीर घायल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2024। जिले के सेरूणा थानान्तर्गत हुए सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य जना घायल हो गया। जिसका पीबीएम में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे ने पीबीएम में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरुणा से श्रीडूंगरगढ़ की तरफ झंझेऊ गांव के पास बीकानेर से जयपुर की ओर से जा रही करणी महाराजा की बस ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। तभी बस सामने आ रही थार गाड़ी से आमने सामने जा भिड़ी। बस पास चल रहे ट्रक से भी टकराई। थार गाड़ी चकनाचूर हो गयी और बस भी आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। वाहनों के आपस में टकराने से जोरदार आवाज हुई जिससे बस में घबराए यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। सेरुणा थाने के थानाधिकारी पवन कुमार,मुंशी फतेहसिंह सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा व पुलिस ने थार में सवार तीनों को बाहर निकाला। दो गम्भीर घायलों को 108 से बीकानेर भेज दिया गया व एक मृतक का शव श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हाइवे पेट्रोलिंग टीम व लखासर टोल टीम भी मौके पर पहुंची व बचाव कार्य में जुटे रहें। हाइवे से वाहनों को हटा कर टीम ने रास्ता क्लियर करवाया। एक बस सवार भी चोटिल हुआ व शेष यात्रियों में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा व दूसरी बसों व साधनों से यात्री जयपुर व बीकानेर गए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में एक का नाम उत्तमसिंह व दूसरे का मूलसिंह है।