






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2024। आटा साटा के विवाह में एक रिश्ते में खटपट होने पर अनेक रिश्तों पर गाज गिरती है और कई घर उजड़ जाते है। लगातार आटा साटा के दुष्परिणाम देखने को मिल रहें है व समाज सुधारक आटा साटा के विवाह नहीं करने का संदेश बार बार दे रहें है। गांव ऊपनी में 18 वर्षीय जसोदा पुत्री चंद्राराम गोदारा जाट ने अपनी दो बड़ी बहनों के पतियों सहित अपने भाई व अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बहन संजू व गीतू का विवाह रीड़ी निवासी रामकिशन व मामराज पुत्र उमाराम जाखड़ के साथ हुआ। वहीं परिवादिया के भाई मनोज गोदारा का विवाह उसकी बहनों की ननद के साथ अटा सटा में हुआ। मेरी बहनों को उसके ससुराल वालों ने दुख दिए तो गीतू अपने पति के साथ अलग रहने लग गई और संजू पीहर में ही रह रही है। दोनों जीजा व भाई बहन संजू को जबरदस्ती उठाकर ले जाने की धमकी देते रहते है। गत 4 अगस्त 2024 को दोपहर करीब 2.30 बजे परिवादिया, उसकी शांतिदेवी, बहन संजू व उसके छोटे बच्चे घर में ही थे। तभी मामराज, रामकिशन, भाई मनोज व मामराज के परिवार का माणकचंद जाखड़ व एक अन्य शराब के नशे में स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी में आए। आरोपी एकराय होकर घर के आंगन में घुस गए और गंदी गालियां देते हुए संजू और उसके छोटे बच्चों केा जबरदस्ती उठाकर ले जाने लगे। संजू के विरोध करने पर उसके बाल पकड़कर घसीटा और मारपीट करते हुए उसका अपहरण करने का प्रयास किया। माँ के साथ मारपीट की और जीजा मामराज ने परिवादिया को गाली देते हुए उसकी लज्जा भंग की। आरोपियों ने घर में रखी संदूक का ताला तोड़कर परिवादिया का सोने का हार, पांच फुलड़ा, चांदी की पाजेब, बहन संजू की सोने की रखड़ी, हार, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब व तागड़ी निकाल लिए। रोला सुनकर आस पास के लोग एकत्र हो गए और आरोपियों को दकाला तो आरोपी गहने लेकर तीनों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। आरोपी हमारे घर के बाहर चक्कर लगा रहें थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई धर्मपाल को दी है।



