






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अगस्त 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में समय समय पर प्रशासन द्वारा जनसुनवाई का दौर जारी है लेकिन पानी, बिजली, सफाई आदि समस्याओं का हल नहीं होने से ये आयोजन खानापूर्ति ही साबित हो रहे है। यही कारण है कि अब आम जन जनसुनवाई में बड़े अधिकारियों के आने के बाद भी अपनी समस्याएं लेकर पहुचंने में प्रति उत्साह नहीं दिखा रहे। गुरूवार को पंचायत समिति सभागार में उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी सहित उपखण्ड़ अधिकारी उमा मित्तल की अगुवाई में ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी ने सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। सिंघवी ने जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों को गंभीरता से लेकर निस्तारण करने को कहा ताकि एक समस्या के लिए लोगो को बार-बार चक्कर ना काटने पड़ें। उपखंड अधिकारी मित्तल ने कहा कि अधिकारी अपने कार्यालय में प्राप्त होने वाली परिवादों का समय पर निस्तारण कर देंगे तो नागरिकों को जनसुनवाई में आने की जरूरत ही नही पड़ेगी। जनसुनवाई में कस्बे के वार्ड 7, 23, 24, 27 में जमा होने वाले गंदे पानी की समस्या का समाधान करवाने, गांव उदरासर में क्षतिग्रस्त विधुत पोल बदलने, ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य शुरू करवाने, जनता क्लिनिक को सामुदायिक भवन वार्ड संख्या-24 में स्थानांतरित करने व धीरदेसर पुरोहितान में पानी निकासी की व्यवस्था करने सहित पानी, बिजली, सफाई, सड़क, स्वास्थ्य से सम्बंधित कुल 20 परिवाद प्राप्त हुए। इस दौरान तहसीलदार राजवीर सिंह कड़वासरा, विकास अधिकारी मनोज कुमार, नगरपालिका से रविशंकर योगी, बीसीएमओ डॉ. राजीव सोनी, एसआई इंद्रलाल शर्मा, विधुत विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र सोनगरा, पीएचईडी सिटी जेईएन बजंरग पड़िहार, सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत, कमल चांवरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




