






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की पहचान है यहां के जनमानस की मानवीयता और सह्दयता, ऐसे अनेक उदाहरण प्रतिदिन सामने आते है जो क्षेत्र के आमजन की सह्दयता का परिचय देतें है। गांव रीड़ी के श्मशान भूमि में सुबह पौधों में पानी देने गए युवा सीताराम व रामदयाल को यहां एक अर्ध विक्षिप्त महिला नजर आई। युवकों ने देखा कि बीते कल रविवार को भी ये महिला यहीं बैठी थी और आज भी यहीं बैठी है। युवाओं ने सरपंच हेतराम व जागरूक युवा पुरनाथ, ओमप्रकाश व राजूराम को सूचना दी। पुरनाथ ने बताया कि वे मौके पर पहुंचे और महिला से पूछताछ़ की। महिला अपनी पहचान, गांव का नाम, परिजनों का नाम कुछ नहीं बता पाई। युवकों ने उसके भोजन पानी की व्यवस्था की और श्रीडूंगरगढ़ में स्वयं सेवक आनंद जोशी से संपर्क किया। जोशी ने स्वयं मानव कल्याण संस्था के तहत संचालित अनाथ आश्रम व वृद्धाश्रम, श्रीडूंगरगढ़ में सूचना दी। यहां संचालक ओमप्रकाश गागड़िया व एक महिला केयर टेकर गाड़ी लेकर गांव रीड़ी पहुंचे। यहां से महिला को रेस्क्यू किया। महिला को पुलिस थाने लाकर उसकी सूचना दी व अनाथ आश्रम ले जाया गया है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स टीम आपात स्थिति में किसी महिला की सहायता कर उसे सुरक्षित स्थान पहुंचाने तक सहयोगी बनने वाले सभी युवाओं की सराहना करते हुए उनका आभार जताती है।




