May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अगस्त 2024। गुरूवार को हुई बरसात के बाद आज सुबह भी अंचल में बरसात का दौर जारी है। क्षेत्र के गांव नोसरिया मिंगसरिया में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पानी भर गया है। यहां गुरूवार को छुट्टी के समय बच्चे और स्टाफ पानी में से होकर अपने घरों को पहुंचे वहीं आज सुबह भी पानी में से होकर ही स्कूल पहुंचे है। परिसर में पानी भरे होने से स्कूल में उपस्थिति भी आधी से भी कम ही रही है। ग्रामीणों ने बताया स्कूल का ये मार्ग नीचा है जिससे यहां भारी जलभराव होता है। यहां पानी सुख जाने के बाद भी भारी कीचड़ की स्थिति लगातार बनी रहती है। ग्रामीण भंवरसिंह, पवन कुमार सोनी, दुलाराम प्रजापत व अशोक सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में करीब 400 बच्चे अध्ययन कर रहें है और गांव ढाणी से आने वाले बच्चे बरसात के पूरे समय खासे परेशान होते है। शिक्षिकाओं सहित पूरे स्टाफ को पानी में से होकर स्कूल आना जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सरपंच सहित प्रशासन को अवगत करवाते हुए इस समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है। इसके अतिरिक्त गांव की गुवाड़ और मुख्य सड़क कातर रोड पर पानी भरा है। पंचायत भवन में भी पानी भर गया है।
दूसरी ओर गांव बेनीसर में भी बरसात से सरकारी स्कूल, पशु चिकित्सालय व ग्राम पंचायत भवन के आगे पानी भर गया है। ग्रामीण इससे खासे परेशान हो रहें है। कस्बे में लोग सुबह उठे तो बरसात जारी थी और मुख्य बाजार सहित अनेक गलियों में पानी भर गया है। मुख्य बाजार सहित अनेक इलाकों में सुबह से ही बिजली गुल रही जिससे भी नागरिक खासे परेशान हुए। दोपहर होते होते लाइट आने पर नागरिकों ने राहत की सांस ली। ध्यान रहें अनेक स्कूलों में अघोषित अवकाश का माहौल है और बच्चे बहुत कम संख्या में विद्यालयों में पहुंचे है। बता देवें मानसून की ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर से होकर गुजर रही है जिसके चलते आज भी बरसात की संभावना है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बेनीसर में जलभराव, स्कूल सहित पशु चिकित्सालय हुए जलमग्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मिंगसरिया में पानी में से होकर घर पहुंचा स्टाफ व बच्चे, ग्रामीणों ने की स्थाई समाधान की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यहां जलभराव के बाद भी स्थाई रूप से कीचड़ की समस्या रहती है, बच्चे व स्टाफ हो रहा है परेशान।