






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितम्बर 2024। 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्र में कई राजकीय एवं निजी शिक्षक सम्मान समारोहों के आयोजन होगें, पढ़ें क्षेत्र में होने वाले चार शिक्षक सम्मान समारोहों के आयोजनों की सामूहिक खबर।
ब्लाक स्तरीय राजकीय सम्मान के चयनित हुए डोटासरा, शर्मा एवं स्वामी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित होने वाले ब्लाक स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह के लिए तीन वर्गों में तीन शिक्षकों का चयन किया गया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा महेन्द्र शर्मा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ ब्लाक में कक्षावर्ग 1 से 5 में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हनुमान धोरा श्रीडूंगरगढ़ के शिक्षक रामकरण डोटासरा को, कक्षा वर्ग 6 से 8 में राउप्रावि धोलिया के शिक्षक भंवरलाल शर्मा को एवं कक्षा वर्ग 9 से 12 के लिए राउमावि बींझासर के शिक्षक हेतदास स्वामी का चयन किया गया है। तीनों को ब्लाक स्तरीय राजकीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
महापुरुष समारोह समिति देगी जोशी को शिक्षक सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महापुरूष समारोह समिति द्वारा वर्ष 2024 का शिक्षक सम्मान सेवानिव़त शिक्षक सीताराम जोशी को दिया जाएगा। पुरस्कार चयन कमेटी सदस्य बरजंगलाल सेवग ने बताया कि जोशी ने अपने राजकीय सेवा कार्यकाल के दौरान आदर्श शिक्षक के रूप में सेवाएं दी थी। संस्थाध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने बताया कि 6 सितम्बर को कस्बे की महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में यह जोशी को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अतिथि रूप में साहित्यकार श्याम महर्षि, जिला शिक्षा अधिकारी गजानन्द सेवग, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य भगत सिंह धनखड़ एवं साहित्यकार डॉ मदन सैनी मौजूद रहेगें।
रामधन बाना को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक गौरव रत्न अवार्ड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अंर्तराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आगामी 8 सितम्बर को नई दिल्ली के कृष्ण मेनन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में श्रीडूंगरगढ़ के गांव लोडेरा के राउमावि प्राचार्य रामधन बाना को राष्ट्रीय शिक्षक गौरव रत्न अवार्ड से नवाा जाएगा। इस कार्यक्रम में नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति न्यायमूर्ति परमानन्द झा, नेपाल के प्रथम लोकसभा अध्यक्ष दमन नाथ दुगाना होगें एवं अवार्ड के साथ साथ बाना को नेपाल राष्ट्र की सम्मानीय टोपी, अभिनन्दन पत्र, मैडल, शॉल, स्मृति चिन्ह और भारत का राष्ट्रीय ध्वज प्रदान किया जाएगा।
भीमसेन मित्तल स्मृति शिक्षक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 5 को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के राउमावि ताल मैदान में 5 सितम्बर को भीमेसन मित्तल स्मृति शिक्षक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें सरलादेवी-भीमेसन मित्तल एज्युकेशन एंड वेलफेयर फांडेशन द्वारा विद्यालय के शिक्षकों, प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं दिवंगत आदर्श शिक्षक भीमसेन मित्तल के जीवन काल में सेवांए दे चुके विद्यालय रूपादेवी मोहता राउमावि, बालिका राउमावि, बाल भारती स्कूल के भी शिक्षकों एवंबोर्ड परीक्षा टोपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्राचार्य मनीष कुमार सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मित्तल परिवार द्वारा भूतल जल भंडारण टैंक निर्माण, वाटर कूलर, वाटर मोटर पंप एवं जल मंदिर जिर्णोदार कार्य का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत, वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद श्यामसुखा, शिक्षाविद् ताराचंद इंदौरिया, साहित्यकार श्याम महर्षि, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश प्रजापत, प्रोफेसर मदन सैनी अतिथि रूप में मौजूद रहेगें।



