






कांग्रेस का रेला रीड़ी में, किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे डोटासरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रविवार को अंचल में एक बड़ा राजनीतिक आयोजन गांव रीड़ी में होगा। प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, चूरू सांसद राहुल कस्वां व पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल सहित अनेक बड़े नेता हेतराम जाखड़ द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन की व्यापक तैयारियां की गई है और जाखड़ की युवा टीम मौके पर व्यवस्थाओं की देखरेख में तैनात है। गांव के बुजुर्ग व बड़ी संख्या में महिला वर्ग भी सम्मेलन में शामिल होगी। प्रदेशाध्यक्ष को सुनने श्रीडूंगरगढ़ अंचल के 100 गांवो से लोग पहुंच रहें है वहीं जिले व आस पास के इलाके से भी कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता एकत्र हो रहें है। बीकानेर जिले में प्रवेश पर जिला कांग्रेस द्वारा कितासर में डोटासरा का स्वागत किया जाएगा, वहीं से काफिले के रूप में श्रीडूंगरगढ़ और श्रीडूंगरगढ़ से रीड़ी पहुंचेगा। पूरे गांव में उत्सव का माहौल है। इस आयोजन की हर एक खबर पर रहेगी आपकी नजर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ।


सेरूणा में ब्राह्मणी माता व बांयाजी को 18 मण लापसी का भोग लगेगा, पूरा गांव करेगा सामूहिक भोज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार एक बड़ा धार्मिक आयोजन क्षेत्र के गांव सेरूणा में होगा। यहां मां ब्राह्मणी बांयाजी धाम में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी आज वार्षिक मेला भरेगा। पुजारी राजूराम द्वारा विशेष- ज्योत व पूजा अर्चना की जाएगी। बांयाजी की भूमि से प्रकट देवली के दर्शन करने दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। श्रद्धालु बच्चों की रक्षा व घर में सुख शांति की कामना करते हुए प्रसाद भोग लगाएंगे। ग्रामीण घी खोपरे की आहुतियां देंगे।
महाप्रसाद का आयोजन, 18 मण लापसी 12 घंटे में की तैयार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दूसरी ओर मंदिर में ही तैयार माताजी की कड़ाही के महाप्रसाद का आयोजन होगा। रविवार को मंदिर प्रांगण में 4 बड़ी कड़ाईयों में 18 मण लापसी 12 घंटे में श्रद्धालुओं ने तैयार की। रात भर में प्रसाद ठंडा हुआ व आज माताजी को भोग लगाने के साथ ही पूरा गांव एकसाथ मिलकर प्रसाद ग्रहण करेगा। पुजारी राजूराम ने बताया कि ये मंदिर व गांव की पुरानी परंपरा है जिसका निर्वहन आज तक किया जा रहा है। लापसी में 18 मण गेहूं का दलिया, 23 मण गुड़ व ढाई मण खोपरे, 7 पीपे घी, 7 किलो सौंफ का प्रयोग किया गया है। इसे गांव के करीब 7 हजार लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालु ग्रहण करेंगे।




