






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितम्बर 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में घोषित एवं अघोषित बिजली संकट से परेशान किसान लगातार अपना विरोध दर्ज करवा रहे है और बुधवार को शेरूणा व आस पास के गांवों के किसानों ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता एवं जोनल चीफ भूपेन्द्र भारद्वाज का घेराव किया एवं अघोषित कटौती, कम वोल्टेज, बार बार ट्रिपिंग आदि समस्याओं पर रोष जताया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने बिजली संकट को दूर करने में असमर्थता जताते हुए 400 ग्रिड सब स्टेशन पर ट्रिपिंग व सूरतगढ़ की 3 इकाइयां बन्द होने की जानकारी दी। इस पर ग्रामीणों ने चार दिनों में राहत नहीं मिलने पर जयपुर कूच करने की चेतावनी भी दी निगम अधिकारियों को दी। ग्रामीणों का आरोप था कि शेरूणा के हिस्से के बिजली आस पास के गांवों में कार्मिकों द्वारा प्रलोभन के चक्कर में दी जा रही है एवं शेरूणा को वंचित रखा जा रहा है। शेरूणा के युवा एडवोकेट रणवीरसिंह राठौड़ ने बताया कि फसलों के पकाव के समय पर बिजली संकट के कारण कुंओं पर फसलें जल रही है एवं प्रत्येक किसान को हजारों रुपए का नुकसान होगा। इसी प्रकार जले हुए ट्रांसफारमर 20 दिनों तक नहीं बदले जाने की भी बड़ी दिक्कत किसानों को झेलनी पड़ रही है। सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने बताया कि शेरूणा जीएसएस पर भारी फीडर का लोड कम करने, जीएसएस पर 3.15 एमवीए का पावर ट्रांसफारमर लगाने, गाँव मे लगे नए ट्रांसफार्मरो के कनेक्शन जोड़ने की मांग भी की। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य प्रेम भादु, गजानन्द सारस्वत, खेताराम साई, मूलाराम गोदारा, अर्जुनराम शर्मा, चिमनाराम मेघवाल, तिलोक मेघवाल, जगदीश साईं, अमरचंद सारस्वत, तोलाराम भादु, मूलाराम भादु, रेवन्त साईं, सावन्तराम गोदारा, चंदुराम घाट, रामाराम गोदारा, भेरूसिंह, भैराराम गोदारा, इमरताराम साईं सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




