






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितंबर 2024। कश्मीर के अंनतनाग में डयूटी के दौरान गोली लगने से हुई सेना के जवान के मामले में पूरे जिले में आक्रोश फैल गया है। गुरूवार को दिन भर बीकानेर में धरना प्रदर्शन चला एवं देर रात तक भी मांग नहीं माने जाने पर शुक्रवार को और बड़ा प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को जिले भर से लोग शहीद का सम्मान दिलवाने के लिए बीकानेर पहुंचेगें। इस संबध में शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ कृषि उपज मंडी बंद का आह्वान किया गया है। कृषि मंडी व्यापार संघ के ओमप्रकाश भादू एवं लालचंद सिद्ध ने बताया कि शहीद को सम्मान दिलवाने के लिए पूरा जिला एकजुट है। विदित रहे कि जिले के नोखा तहसील के गांव पांचू निवासी रामस्वरूप कस्वां की मौत को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा सुसाइड करने की बात कहने पर परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा दिन भर रोष जताया गया। आक्रोशित लोगों द्वारा दिन भर म्यूजियम चौराहे को जाम कर जवान रामस्वरूप कस्वां के चित्र लिए देशभक्ति के नारे लगाए गए एवं शहीद सम्मान देने की मांग की गई। परिजनों ने सेना द्वारा मामले की जांच चलने की जानकारी देने के बाद भी जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल यश राठौड़ द्वारा अर्नगल बयान देने पर उन्हें संस्पेंड करने की मांग भी की गई। धरने पर श्रीडूंगरगढ़ से पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना, भारतीय किसान संघ टिकैत के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण, पूर्व सरपंच दानाराम भादू, रालोपा नेता दानाराम घिंटाला, शहीद सम्मान समिति के सचिव सीताराम सिहाग, जिले के नेता नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूड़ी, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, जिला प्रमुख मोड़ाराम मेघवाल, अतुल डूडी, डेयरी चैयरमैन नोपाराम जाखड़ सहित बड़ी संख्या में नेता पहुंचें एवं शहीद का दर्जा मांगा। म्युजियम पर जाम को देखते हुए यातायात डाईवर्ट रखा गया एवं समझाईश करने दिन भर कई अधिकारी कैप्टन चंद्र चौधरी स्मारक पर पहुंचें लेकिन बात नहीं बनी एवं खबर लिखे जाने तक जवान का शव परिजनों द्वारा नहीं लिया गया एवं शुक्रवार को अधिकाधिक संख्या में बीकानेर पहुंच कर शहादत के सम्मान की लडाई में साथ देने का आह़्वान जिले भर के लोगों से किया गया है। शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी बीकानेर पहुंचेगें।





