May 21, 2026
00000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 अक्टूबर 2024। ईरान ने इजराइल पर अब तक का सबसे बड़ा हमला मंगलवार रात किया है। ईरान ने रॉकेट मिसाइल से इजरायल के आसमान को धुआं-धुआं कर दिया। राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने ईरान को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। हमले में एक इजराइल रक्षा बल का सैनिक घायल हुआ है। हमले की भनक इजराइल को पहले ही लग गई और इजरायल ने अचानक सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बलाई व कुछ पाबंदिया लगाई। इजरायल का हिजबुल्लाह पर एक्शन थमा नहीं है, लेबनान के बेरूत के दक्षिणी इलाकों में इजराइल ने हवाई हमले किए। इजराइल ने लेबनान पर फिर बमबारी की है। भारतीय दूतावास ने इजराइल में रहने वाले भारतीयों को अलर्ट रहने के लिए चेतावनी दी। बता देवें इससे कच्चे तेल के दामों में 4 फीसदी इजाफा हुआ है।
छुट्टी के दौरान हुआ हमला, टाइम्स का नेटवर्क विश्वभर में फैला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इजराइल में आगामी रविवार तक वहां के एक त्योहार के चलते छुट्टियां चल रही है। मंगलवार रात ईरान ने अचानक मिसाइल हमला कर दिया। इस समय लोग बाजारों में थे और सामान इत्यादि की खरीद की जा रही थी। गत 19 सितंबर को ही इजराइल की जेरूसलेम पहुंच श्रीडूंगरगढ़, बिग्गाबास के निवासी अनिल प्रजापत भी बाजार में ही थे। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठक अनिल ने खुद अपने मोबाइल से ईरान के इजराइल पर हमले का वीडियो बनाकर भेजा है। बता देवें श्रीडूंगरगढ़, कालू, रतनगढ़, राजलदेसर, सरदारशहर, बीदासर, सुजानगढ़, कातर व बीकानेर सहित इन क्षेत्रों के प्रवासी नागरिक दुनियाभर में जहां कहीं भी रहते है वे टाइम्स के नियमित पाठक है। देश विदेश से विशेष घटनाओं के बारे में वे लगातार सूचनाएं भेजकर श्रीडूंगरगढ़ वासियों को भी वहां के हालातों की जानकारी देते रहते है। यूक्रेन हमले की अपडेट के बाद इजराइल पर हमले की अपडेट क्षेत्रवासी पढ सकें इस हेतु वीडियो के साथ इसे प्रकाशित किया जा रहा है।
आंखों-देखा हाल अनिल की जुबानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अनिल ने टाइम्स को बताया कि एक के बाद एक मिसाइलें आ रही थी परंतु आयरन डोम की वजह से सभी नागरिक सुरक्षित है। आसमान में धुंआ ही धुंआ हो गया आयरन डोम सभी के लिए सुरक्षा कवच बन गया। इसके कारण मिसाइल आते ही ऊपर के ऊपर ही नष्ट हो रही थी। बाजार में वे नीचे दी गई फोटो व वीडियो वाला नजारा देख रहें थे। अनिल ने बताया कि यहां हर घर के नीचे बंकर बने होते है और सायरन बजते ही लोग उन बंकरो में चले जाते है। यहां छुट्टी के दिन लॉकडॉउन का सा माहौल नजर आता है। सरकारी पूरा सिस्टम छुट्टी पर रहता है और दुकाने भी बंद रहती है। कुछ एक दुकान व निजी टैक्सियां ही चल रही होती है। अनिल ने बताया कि मंगलवार से ही छुट्टी की घोषणा हुई जो रविवार तक रहेगी, इसी कारण बाजार में कुछ अधिक लोग जरूरी सामान लेने पहुंचे। अनिल भी कुछ सामान लेने बाजार गए और करीब 7 से 7.30 बजे के बीच अचानक मिसाइलों का हमला शुरू हुआ। टाइम्स द्वारा अनिल को स्वयं के साथ अन्य भारतीयों की कुशलक्षेम के बारे में पूछा गया तो अनिल ने बताया कि टेंशन की कोई बात नहीं और सभी नागरिक सुरक्षित है। इस हमले में केवल एक सुरक्षा बल का जवान घायल हुआ है जिसका उपचार वहां के सुपर स्पेश्यलिटी सेंटर में हो रहा है। अनिल ने बताया कि वहां के आम लोग बहुत बहादुर है। उन लोगों ने बताया कि ये मिसाइलें बैलिस्टिक मिसाइलें इतनी खतरनाक थी कि लॉन्च के 12 मिनट के भीतर इजराइल तक पहुंच कर हमला कर दिया। इसके बाद इजरायल ने देश में कुछ पाबंदियां भी लगा दी है। पूरा वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें:- https://fb.watch/uYBzJsU21t/