






निपुण बाल मेले के तहत हुई खेल प्रतियोगिताएं, बाल प्रतिभाओं को किया पुरस्कृत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ताल मैदान के पीएमश्री राउमावि के प्रांगण में शहरी शिक्षा संकुल परिक्षेत्र के स्कूलों व आंगनबाड़ी पाठशालाओं की बाल प्रतिभाओं के लिए बुधवार को निपुण बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। मेले में राउप्रावि डागा बालिका, राउप्रावि डागा छात्र, माहेश्वरी राउप्रावि, राबाउमावि, महात्मा गांधी विद्यालय कालू बास, राउप्रावि अंबेडकर कॉलोनी, कोडामल डागा प्रावि, आंगनबाड़ी पाठशाला, राउमावि आदि विद्यालयों के कक्षा 3 तक के 110 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। भाषायी विकास गतिविधि के तहत कहानी, कविता एवं संस्मरण सुनना, शारीरिक विकास के अन्तर्गत नींबू दौड़, बॉल डालना, जलेबी लटकन, बौद्धिक विकास में वर्ग पहेली, हल करो और आगे बढ़ो, सृजनात्मक गतिविधियों में पेंटिंग, चार्ट तैयार करना, सामाजिक विकास के तहत रिश्तेदारों के नाम मिलान करना आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हरिसिंह, अनिल, ताहिरा, सुरेश, लक्ष्मी, मनन, बलदेव, हुमेरा, मुस्कान, हरीश, गुड्डी, रमेश, अजित, रितिका, आकाश, हरिओम, प्रीति, गुंजन, राजेश, रुबीना आदि को शिक्षण सामग्री प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। आयोजन में सहयोग के लिए विद्यार्थियों में अश्विनी, इंदु, गंगासिंह, तानिया, जोहरा, कैलाश अभिभावकों में वचनादेवी, मुनिराम, यशोमति, शीतल, तुलछा देवी तथा शिक्षकों में श्रवण सिहाग, ओम प्रकाश, पूर्णचन्द्र, राजेन्द्र कुमार, बालाराम, गगनेन्द्र कौर, छगन लाल, सोमेंद्र बैंस, उषा मानव, दीपक चौधरी, रमेश बिट्ठू को सम्माननित किया गया। प्रारम्भ में डॉ. राधाकिशन सोनी ने नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास हेतु संचालित एफएलएन, एबीएल, प्रखर आदि गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार सैनी ने निपुण बाल मेले की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए सभी का स्वागत किया व आभार भी जताया।

महात्मा गांधी में पहुंचे अतिथि, सराहे बच्चों के मॉडल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीकन्हैयालाल सिखवाल महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में निपुण मेला, किशोरी मेला और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सुदंर मॉडल सजाए व अनेक रचनात्मक कलाकृतियों का प्रदर्शन उनकी व्याख्या के साथ किया। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा भी आयोजन में पहुंचे और बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें कड़ी मेहनत के रास्ते आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने की बात कही। वहीं भामाशाह जतन पारख, दानदाता बजरंगलाल भामूं, पार्षद रजत आसोपा सहित बच्चों के अभिभावक पहुंचे और विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। प्रधानाचार्य विमला गुर्जर सहित स्टाफ सदस्यों ने सभी का स्वागत किया व आभार जताया।

वैद्य मघाराम राउमावि उदरासर में निपुण मेला संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रखर राजस्थान अभियान के तहत गांव उदरासर के वैद्य मघाराम राउमावि में निपुण मेले का आयोजन संपन्न हुआ। कक्षा 1 से 8 तक के छात्र छात्राओं ने मिट्टी से निर्मित कलाकृतियां बनाई, कागज से चरखा बनाया, पोस्टरों से स्वच्छ भारत, स्वास्थ्य सम्बन्धी, स्लोगन लिखे, कविता का वाचन हुआ। विद्यार्थियों ने महात्मा ग़ांधी व लाल बहादुर शास्त्री के विचार पोस्टर पर उकेरे। कक्षा 8 के छात्र गौरव, अमित, कृष्ण आदि ने गांधीजी के जीवन पर कविता सुनाई। लाछा मेघवाल ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। कक्षा 6 की रक्षा, पूनम ने गांधीजी का चित्र बनाया और स्वच्छ भारत अभियान पर अपने विचार रखें। कक्षा 3 की गुंजन नाई, कक्षा 5 की आनन्दी, कक्षा 2 की पृथ्वी व रामवीर ने कविताएं सुनाई। विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल सुषमा सैन ने दोनों महापुरूषों के जीवन के बारे में बताते हुए उनके जीवन से शिक्षा लेने की बात कही। विद्यालय के शिक्षक सीताराम ने गीत प्रस्तुति दी और पूरा स्टाफ इस दौरान मौजूद रहा।





