






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2024। क्षेत्र के प्रसिद्ध धाम आड़सर में काली पूजन को लेकर दो पक्षों में संभावित विवाद की स्थिति से निपटने के लिए शुक्रवार को दिन भर प्रशासन सक्रिय रहा। ग्रामीणों ने इस संबंध में एसपी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की थी। मंदिर समिति द्वारा गत 100 वर्ष से चले आ रहें एक ही खंड पूजन का समर्थन एक बड़ा वर्ग कर रहा था। जबकि पिछले कुछ वर्षो से मंदिर में भक्त दुर्गाराम मेघवाल तथा भक्त मन्नीराम नायक दोनो द्वारा खंड पूजन किया जा रहा था। ऐसे में इस बार पुराने समय से चल रहे एक ही भक्त से पूजन करवाने के निर्णय पर विवाद की स्थिति बन गई और शुक्रवार शाम मंदिर समिति पक्ष व दूसरे पक्ष को श्रीडूंगरगढ़ थाने में बुलाया गया। यहां उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, सीओ निकेत पारीक व थानाधिकारी इंद्रकुमार ने दोनों पक्षों से लंबी समझाईश की। प्रशासन की सक्रियता से विवाद की स्थिति सुलझने का माहौल बना व परंपरागत रूप से पूजन करने पर दोनों पक्षों की सहमति बन गई। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने बताया कि दोनों पक्षों से समझाईश कर शांति व्यवस्था कायम रखने पर सहमति करवाई गई। दोनों पक्षों के सभी लोग शनिवार को नवरात्र पूर्ण होने के पूजन में बारी बारी से भाग लेने की सहमति बनी। थानाधिकारी इद्रकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के जिम्मेदारों ने सहमति से पूजन करना तय कर लिया तथा मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था के लिए 25 का पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है।
दूसरे पक्ष ने की थी शिकायत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव आड़सर में काली माता मंदिर में नवरात्र पर दो पक्षों द्वारा कुछ समय से खंड पूजन किया जा रहा था। जिसमें बड़ी संख्या में लोग परंपरागत रूप से एक ही खंड किए जाने के पक्ष में थे। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी शुक्रवार को एसपी से मिले व उन्हें पूजन नहीं करने दिए जाने की शिकायत करते हुए अंतिम नवरात्र को पूजन करने जाने व इस समय शांति बहाल करवाने व अप्रिय घटना नहीं होने के संबंध में पत्र दिया। श्रीडूंगरगढ़ प्रशासन इस मामले में एक्टिव हुआ व दोनों पक्षों के बीच वार्ता करवाई गई। देर रात तक वार्ता में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की बात सामने आई है।




