






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2024। क्षेत्र के एक गांव से 16 साल की नाबालिग युवती को एक युवक ने प्रेमी बन कर फोन पर बहला फुसला कर घर से भागने के लिए तैयार किया एवं उस युवक के दो दोस्तों ने युवती को घर से भगाया व नागौर छोड़ आए। लेकिन इसी बीच दोनो दोस्तों ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। इनमें से एक युवक को श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत कुमार ने बताया कि गत 19 सितम्बर को युवती की गुमशुदगी श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुई थी एवं 23 सितम्बर को युवती को नागौर के भूंडेर से दस्तयाब कर लिया गया था। युवती को ढूंढने में हैड कांस्टेबल बलवीर काजला की सक्रियता एवं प्रयास महत्वपूर्ण रहे थे। युवती को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया एवं युवती के बयानों के बाद भूंडेर नागौर निवासी उसके कथित प्रेमी व उदरासर निवासी दो युवकों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराएं जोड़ते हुए जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ के पास आई थी। जांच के आधार पर गांव उदरासर निवासी 20 वर्षीय बाबूलाल गोदारा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवती को उसके घर से भगा कर उदरासर में बंद पड़े अपने चाचा के मकान पर ले गया एवं वहीं पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवक युवती को बाईक पर बैठा कर नागौर छोड़ आए।




