






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अक्टूबर 2024। बीती रात क्षेत्र के गांव ठुकरियासर के पास एक कार सड़क के बीच में बने दूसरे टोल नाके से भिड़ी और बुरी तरह से कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार 40 वर्षीय तेजपाल निवासी खंडेरा, चूरू गंभीर रूप से घायल हुआ जिसे रात को ही उपजिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया गया। एक अन्य 20 वर्षीय युवक धन्नाराम भी चोटिल हुआ व कार सवार एक महिला व एक बालिका बाल बाल बच गए। घटना के बाद कार सवारों ने मौके पर व अस्पताल में लोगों को बताया की आड़सर व धीरदेसर के बीच बने टॉल पर टैक्स चुकाकर आगे बढ़े और इससे कुछ ही दूर आगे सड़क के बीचोंबीच फिर एक टोल आया जो नजर नहीं आया और कार भिड़ गई। जिसमें चालक को गंभीर चोटें आई है।
ग्रामीणों ने जताया विरोध।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठुकरियासर से सरदारशहर की ओर करीब दो किलोमीटर पर एक ओर टोल चौकी बनाई गई है। जिसे अवैध बताते हुए ग्रामीणों ने अनेक बार इसका विरोध किया है। अनेक बार विरोध प्रदर्शन के बावजूद चौकी बदस्तूर जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात की दुर्घटना सहित करीब आधा दर्जन दुर्घटनाएं इस अवैध चौकी के कारण अब तक हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अनेक बार प्रशासन से इसे हटवाने की शिकायत व मांग के बावजूद इस चौकी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि बीचोंबीच बने इस टोल के कारण सड़क दोनों ओर छोटी हो गई और वाहनों को गुजरने में परेशानी हो रही है।





