May 20, 2026
6f47c4a2ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2020। कस्बे की एक और बेटी को उसके ससुराल से दहेज के लिए पति व ननदों ने मारपीट कर बेटे के साथ घर से निकाल दिया। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि रेलवे कॉलोनी निवासी गरिमा पुत्री तोलाराम ने मामला दर्ज कराते हुए अपनी तीन ननदों पर पति की सारी संपत्ति अपने नाम कराने व दहेज की मांग करते हुए बेटे सहित घर से निकाल देने का आरोप लगाया। गरिमा ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 12-6-2012 को जैसलसर निवासी विक्रम पुत्र रुघाराम जाट के साथ हुआ। विवाह में उसके पिता ने सोने, चांदी के गहनों सहित 1 लाख 81 हजार नगद भी दिए जिस पर पति विक्रम व तीन ननदें चंदा, रामी, सरोज ने कम दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देना प्रारम्भ कर दिया। मकान बनाने के नाम पर पिता से 5 लाख रुपए भी ऐंठ लिए और फिर भी 10 लाख नगद व एक कार की मांग करते रहे और मारपीट करने लगे। पीड़िता के परिवार वालों ने 14-12-2018 को राजीनामा कर ससुराल भेजा। पर तीनों ननदों ने पति की संपत्ति अपने नाम करवाने की बात कहते हुए उसके 6 वर्षीय बेटे सहित घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारम्भ कर दी है।