






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अक्टूबर 2024। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले जिले के उपखंड छतरगढ़ की ग्राम पंचायत लाखुसर में सरकारी भूमि पर कब्जाधारियों का विरोध करने वालों पर किए गए हमले के मामले में गुरूवार को जिले भर में उपखंड मुख्यालयों पर ज्ञापन दिए गए है। जिला कलेक्टर के नाम दिए ज्ञापन में 20 अक्टूबर को हुई घटना में न्याय की मांग की गई है। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया व सभा सदस्यों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुलिस संरक्षण में कब्जाधारियों द्वारा अतिक्रमण करने व अतिक्रमण का विरोध करने वालों पर हमला करने की बात कही। महिया ने कहा कि अतिक्रमणकारियों के सहयोगी व संदिग्ध भूमिका वाले थानेदार व हवलदार को लाईन हाजिर कर पीड़ितों को निष्पक्ष रूप से न्याय दिलवाया जाए। महिया ने बताया कि लाखुसर के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जेठाराम लाखुसर व अनेक किसानों पर किए गए झूठे मुकदमे वापस लिए जाए और धारदार हथियारों से हमला करने वालों पर सख्त कार्रवाई किया जाए। बता देवें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखने के बाद घटना की गंभीरता देखकर महिया मौके पर भी पहुंचे थे। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने के दौरान सभा सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए किसान एकता के नारे लगाते हुए न्याय की मांग की। इस दौरान सत्तासर सरपंच सुनील मलिक, सुनील मेघवाल, पूर्व सरपंच दानाराम भादू, छात्रनेता मुकेश ज्याणी, तोलाराम ज्याणी, मुखराम गोदारा, अमरगिरी, जिला कोषाध्यक्ष मोहनलाल भादू, हनुमान कुकणा, मुखराम नायक, भंवरलाल प्रजापत, हरि सिखवाल, जावेद बेहलीम, सद्दाम बेहलीम, समीर पावटे, आमीर खोकर, ओमप्रकाश, सहीराम जाट, सत्तुनाथ, गिरधारी जाखड़ सहित अनेक सभा सदस्य मौजूद रहें।





