






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2024। स्वाइन फ्लू, कोरोना व डेंगू सहित मौसमी बीमारियों में बचाव व उपचार के लिए विख्यात डॉक्टर जगदीश प्रसाद चौधरी को मंगलवार को राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है। राजकीय आयुर्वेद औषधालय दुलचासर में सेवारत डॉ चौधरी को आयुर्वेद चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं श्रेष्ठ सेवाएं देने के लिए “धन्वन्तरि सम्मान” दिया गया है। मंगलवार को जयपुर स्थित भगवंतसिंह मेहता सभागार में हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान के माध्यम से आयोजित नवम आयुर्वेद दिवस समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। डॉ चौधरी वर्तमान में ग्रामीण आयुर्वेद चिकित्साधिकारी, बीकानेर के पद पर सेवारत है। स्वाइन फ्लू, कोरोना, डेंगू सहित अन्य मौसम बीमारियों से बचाव व उपचार शिविर लगाते हुए डॉक्टर चौधरी ने हजारों लोगों को लाभान्वित करते हुए, जीवनशैली जनित व्याधियों से बचाव एवं उपचार के लिए आमजन को आयुर्वेद से जोड़ने का कार्य किया है। डॉ चौधरी की अगुवाई में दुलचासर व आस पास के गांवो में औषधिय सहजन के 3100 पौधे वितरित किए गए है। दानदाताओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर डॉ चौधरी ने भूखंड प्राप्त करने, देराजसर व सातलेरा में आयुर्वेद चिकित्सालय स्थापना करवा आयुर्वेद इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्षेत्र के नागरिक उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाईयां दे रहें है।





