May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 नवंबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत 3 नवंबर को दिन दहाड़े एक कार में सवार 5 जनों ने कालू रोड़ पर एक थार गाड़ी को रुकवाया और उसमें सवार एक जने के साथ लूटपाट करते हुए मारपीट की। बड़े शहरों की तर्ज पर बाहर से आकर हमला एवं लूट करने के इस मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी और पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए घटना के 72 घंटे में ही सफलता हासिल करते हुए अज्ञात लुटेरों की पहचान करते हुए धरपकड़ कर एक लुटेरे को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने वारदात में काम ली गई स्विफ्ट गाड़ी भी जब्त कर ली है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अलग अलग टीमें गठित की गई। इस रोड पर लगे अलग अलग सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, मुखबिरों की सूचनाओं से पुलिस को आरोपियों के हरियाणा के होने और वारदात के बाद उत्तरप्रदेश भाग जाने की लीड मिली। इसके बाद कांस्टेबल राजवीर ढाका की विशेष भूमिका से एक आरोपी हरियाणा के भट्टूकला थाना क्षेत्र के गांव बोदीवाली निवासी रविन्द्र उर्फ टन्ना को धर दबोचा गया है। वारदात में शामिल अन्य 4 आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जिनकी पकड़ के लिए पुलिस के प्रयास जारी है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। वारदात में पीड़ित द्वारा मामला दर्ज करवाया गया था व मामले के जांच अधिकारी एएसआई रविन्द्र सिंह की अगुवाई में पुलिस दल ने मामले के खुलासे में सफलता हासिल की है।

यह था मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत 3 नवंबर को रतनगढ़ के बिनादेसर निवासी 34 वर्षीय राधेश्याम पुत्र लक्ष्मीनारायण ब्राह्मण अपनी थार में क्षेत्र के गांव गुसांईसर बड़ा अपने मामा से मिलने जा रहा था। रास्ते में पढ़ने वाले डंपिंग यार्ड के पास स्विफ्ट सवारों ने उसकी गाड़ी को रूकवाया और लोहे के सरियों से हमला करते हुए 228 ग्राम सोने की चेन व कड़ा लूट कर फरार हो गए। परिवादी ने उसे जान से मारने की नियत से हमला करने की आशंका जताते हुए थाने में मामला दर्ज करवाया था और प्राथमिक नजरिए से मामला केवल लूट का नहीं होकर जान से मारने के इरादे से हमला करना ही सामने आ रहा है।

विधायक भी रहें एक्टिव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस लूट की वारदात के बाद विधायक ताराचंद सारस्वत भी एक्टिव रहे और जिला पुलिस अधीक्षक सहित सीओ व सीआई से बातचीत कर क्षेत्र में इस तरह अपराधियों के हौसले बुलंद होने पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही। विधायक ने अधिकारियों से शीघ्र खुलासा करने की बात कही। परिवादी के मामा गांव गुसांईसर बड़ा निवासी ताराचंद सारस्वत भी लगातार सक्रिय रहें।