May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवंबर 2024। अंचल के किसानों के लिए बड़ी खबर मूंगफली खरीद को लेकर आई है। केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य पर खरीद 2024-25 में दलहन व तिलहन (मूंग, उड़द, सोयाबीन एवं मूंगफली) की खरीद प्रति किसान प्रति दिवस 25 क्विंटल से बढ़ाकर 40 क्विंटल कर दी गई है। अब एक किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज का 40 क्विंटल मूंगफली सरकार को बेच सकेगा। कृषि मंडी सचिव सुरेंद्र बांगड़वा ने बताया कि मूंग उड़द व सोयाबीन की खरीद श्रीडूंगरगढ़ में नहीं होती। श्रीडूंगरगढ़ मंडी में स्थित श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति के दो केंद्रो पर समर्थन मूल्य पर खरीद 18 नवंबर 2024 से प्रारंभ होगी। समिति अधिकारी यशवंत ने बताया कि स्टाफ ने खरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने भी खरीद सीमा बढ़ाने पर राजस्थान सरकार व केन्द्र सरकार का आभार जताया है। सारस्वत ने कहा इससे क्षेत्र के किसानों को सीधा फायदा होगा। विधायक लोक सेवा केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के अनेक किसानों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत सहित केन्द्र व राजस्थान सरकार का आभार जताया है।