May 21, 2026
evee

ठाकुरजी को लगाए 56 प्रकार के भोग। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणेश मंदिर में ठाकुरजी को मार्गशीर्ष महीने का खिचड़ा व छप्पन प्रकार का भोग लगाया गया। विभिन्न मिठाइयां व अनेक प्रकार के व्यजंन भोग लगाकर ठाकुर की विशेष पूजा अर्चना की गई। इस दौरान गुब्बारों से मंदिर की सजावट भी की गई। महिलाओं ने भजन कीर्तन कर आरती का आनंद लिया। अनेक श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठाकुरजी को 56 प्रकार के व्यजंनों का भोग लगाया।

मिलिट्री इंटेलीजेंस ने DST टीम ने 580 ग्राम अफीम बरामद कर, दो युवक गिरफ्तार, खुलेंगे कई तार।   

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मुखबिर की सूचना पर बीकानेर पुलिस की डीएसटी टीम और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीकानेर मिलिट्री स्टेशन के पास उदासर क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मंगल सिंह पुत्र गणपत सिंह, उम्र 25 वर्ष, और रामनिवास गिरी पुत्र सीताराम गिरी, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मस्जिद के पास, बंगला नगर क्षेत्र के निवासी हैं। उनके पास से 580 ग्राम अफीम बरामद की गई है। जिसकी बाजार कीमत एक लाख से अधिक है। पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदासर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है। इसके आधार पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।  मिलिट्री इंटेलिजेंस और DST ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों का संबंध नशे के अंतरराज्यीय गिरोह से है। पुलिस अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही है।  सूत्रों के अनुसार, मिलिट्री स्टेशन के पास सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कठोर होती है, जिससे इस क्षेत्र को तस्करों ने सुरक्षित ठिकाने के रूप में चुन लिया था। हालांकि, लंबे समय से इन गतिविधियों पर नजर रखने वाली मिलिट्री इंटेलिजेंस ने DST के साथ मिलकर इनकी गतिविधियों पर रोक लगाने की योजना बनाई थी। बीकानेर मिलिट्री इंटेलिजेंस को इन दो व्यक्तियों के गिरफ्त में आने के बाद आगे कई राज खुलने की उम्मीद है।

सामाजिक सुरक्षा योजना पेंशनर्स को 31 दिसम्बर तक करवाना होगा भौतिक सत्यापन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में भौतिक सत्यापन से वंचित समस्त पेंशनर्स को 31 दिसम्बर से पूर्व अनिवार्य रूप से सत्यापन करवाना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ अरविंद आचार्य ने बताया कि जिले में कुल 2 लाख 60 हजार 799 पेंशनर्स है, जिनमें से अब तक 57 हजार 218 पात्र पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन करवाया गया है। सुरक्षा पेंशन नियमो के अनुसार समस्त पात्र पेंशनर्स को प्रत्येक वर्ष वम्बर एवं दिसम्बर मे वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है। भौतिक सत्यापन के आधार पर ही पात्र पेंशनर्स को पेंशन का लाभ सतत रूप से मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि पेंशनधारक ई-मित्र कियोस्क, राजीव गांधी सेवा केन्द्र, ई-मित्र प्लस आदि केन्द्रों पर फिंगर प्रिंट इम्प्रेसन के माध्यम से भौतिक सत्यापन करवा सकते हैं। बायोमैट्रिक्स से वंचित रहे पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन आईरिस स्कैन से भी करवाया जा सकता है।एन्ड्राइड मोबाइल एप (Rajasthan pension and Aadhar FaceRD) के माध्यम से भी लाभार्थी के फेस रिकाग्निशन के आधार पर भौतिक सत्यापन करवाया जा सकता है। आचार्य ने बताया कि किसी पेंशनर का वार्षिक भौतिक सत्यापन नहीं होने की स्थिति में यदि पेंशनर पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी (विकास अधिकारी/ उपखण्ड अधिकारी) के सामने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होता है, तो पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी पोर्टल पर लाॅगइन कर संबंधित पेंशनर का पीपीओ नंबर दर्ज करने पर उस पेंशनर के रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के आधार पर भौतिक सत्यापन कर सकते हैं। यदि इस अवधि में (प्रतिवर्ष माह नवम्बर दिसम्बर में) किसी पेंशनर द्वारा जन आधार से जुड़ी किसी अन्य सरकारी योजना जैसे राशन, चिकित्सा बीमा लाभ बायोमैट्रिक के माध्यम से लिया गया है तो ऐसे पेंशनर को अलग से से भौतिक सत्यापन करवाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि अत्यधिक वृद्वावस्था, शारीरिक अस्वस्थता के कारण वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाने के लिए घर से बाहर जाने मे असमर्थ पेशनर्स के भौतिक सत्यापन के लिए जिला कलेक्टर ने संबंधित स्वीकृतिकर्ता अधिकारियों को मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ही वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अधिकाधिक पात्र किसानों को जोड़ें, साप्ताहिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर ) रमेश देव ने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महा-अभियान (पीएम कुसुम योजना) से अधिकाधिक पात्र किसानों को जोड़ने के प्रयास किये जाएं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को ब्लॉक स्तर पर विशेष अभियान चलाकर किसानों को कुसुम योजना संबंधित समस्त जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में पात्र किसान लाभ से वंचित ना रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाएं। इस दौरान उन्होंने कृषि विकास एवं प्रधानमंत्री कृषि सूक्ष्म योजनान्तर्गत आवंटित लक्ष्य एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं में ज्यादा से ज्यादा किसानों का पंजीकरण करवाया जाएं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को 21वीं पशुगणना के लिए ब्लॉक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर आमजन को राहत प्रदान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों के नियंत्रण हेतु विभाग को नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी रखने व सोर्स रिडक्शन के लिए एंटी लार्वा, फॉगिंग जैसी विभिन्न गतिविधियां जारी रखने को कहा। इस दौरान विद्युत, पेयजल, सार्वजनिक निर्माण विभाग, आरयूआईडीपी, आईजीएनपी, खनन सहित अन्य विभागों के बजट घोषणा संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ दुलीचंद मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश गुप्ता, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।