May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2024। बिग्गाबास में स्थित गणेश मंदिर परिसर में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए 8 दिवसीय समारोह का आयोजन कल से प्रारंभ होगा। मंदिर को रोशनियों से सजाया गया है व शिव भक्त और बिग्गाबास निवासी श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी है। मंगलवार सुबह से पांच पंडितों द्वारा प्रतिदिन विशेष पूजन कार्य प्रारंभ किया जाएगा और शाम 7 बजे प्रतिदिन देवी देवताओं की विशेष आरतियों का आयोजन होगा। 21, 22 व 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक तीन दिवसीय शिव नाम का सामूहिक संकीर्तन का कार्यक्रम होगा। 22 नवंबर को शाम 3.30 से 4.30 बजे तक महिलाओं द्वारा राम नाम संकीर्तन होगा वहीं 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक महिलाओं द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी। 23 नवंबर को ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय के छात्रों द्वारा विशेष पाठ वाचन किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे आरती के पश्चात 7.30 बजे से संगीतमय सुदंरकांड आयोजित होगा। 24 नवंबर को सुबह कलश यात्रा व नगर झांकी निकाली जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरूष परंपरागत वेशभूषा में भाग लेंगे। इसी दिन रात 8 बजे से जागरण प्रारंभ होगा जिसमें भजन कलाकार भाग्यश्री गोस्वामी व भगवती गोस्वामी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। 25 नवंबर को सुबह 8 बजे मंदिर का डूंगरमल ओझा, जैसराज बिहाणी, कन्हैयालाल नाढ़ाणी, शंकरलाल बाहेती, लक्ष्मीनारायण मूंधड़ा सहित अनेक मौजिज नागरिकों द्वारा मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा पूजन, अभिषेक, महाआरती दिवंगत कालूराम डागा परिवार द्वारा संपन्न करवाया जाएगा। सवा ग्यारह बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक महाप्रसादी का आयोजन होगा। शाम 5 बजे विशेष शिव श्रृंगार किया जाएगा तथा 7 बजे भगवान गौरीशंकर की महाआरती होगी। 26 नवंबर को सुबह 9 बजे सामूहिक अभिषेक के साथ समारोह संपन्न होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु व शिव भक्त आयोजन में शामिल होंगे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नवनिर्मित मंदिर उद्घाटन के लिए रोशनियों से सजाया गणेश मंदिर परिसर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों में जुटे श्रद्धालु, कल सुबह से शुरू होगा समारोह।