May 22, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 नवबंर 2024। क्षेत्र में बीती रात हिरण शिकार का एक मामला सामने आया है। गांव गुसाईंसर बड़ा की रोही में तीन शिकारियों ने बीती रात एक हिरण का शिकार किया। शिकार की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सहित आपणो गांव सेवा समिति के सेवादारों ने रोही में शिकारियों का पीछा किया। विभागीय टीम ने दबिश देकर तीन जनों को गिरफ्तार किया व हथियार व कच्चा मांस बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबीर की सूचना पर विभागीय अधिकारी रेंजर सुभाष वर्मा सहित वन रक्षक राजेन्द्र बारोटिया, सीताराम सिंह व धनपत बाना की टीम ने दबिश देकर तीन जनों को गिरफ्तार किया। वन विभाग की टीम ने शिकार के आरोपी श्रीडूंगरगढ़ निवासी नानूराम बावरी सहित गोरधन व इंद्राज बावरी को गिरफ्तार किया। मौके से टीम ने हिरण का कच्चा मांस बरामद करने के साथ एक बंदूक जब्त की है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।