






सेसोमूं स्कूल विद्यार्थी दल शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना हुआ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेशनल हाइवे के निकट स्थित सेसोमूं स्कूल से मंगलवार शाम को विद्यार्थी शैक्षिक भ्रमण रवाना हुआ। प्रधानाचार्य सुब्रत कुंडु ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। कुंडु ने बताया कि विद्यालय से 86 विद्यार्थियों का दल 10 अध्यापक-अध्यापिकाओं की देखरेख में दिल्ली, देहरादून, मसूरी, ऋषिकेष, हरिद्वार के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए रवाना हुआ है। दल अनेक ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने के बाद 2 दिसम्बर को वापस लौटकर आएगा। विद्यार्थी यात्रा के जबरदस्त उत्साह के साथ रवाना हुए।
मतदाता सूची में वंचितों के नाम जोड़ने के दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने मंगलवार को क्षेत्र के गांव रीड़ी, बाना व बरजांगसर के मतदान केंद्रो का निरीक्षण किया। मित्तल ने बूथ लेवल अधिकारियों व पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची में वंचितों के शत प्रतिशत नाम जोड़ने, आमजन को वोटर हेल्प लाईन एप्लिकेशन की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने वंचित महिला मतदाताओं को चिह्नित करने व सूची में नाम जोड़ने की बात कहते हुए सभी सरकारी कार्मिकों को आपसी समन्वय स्थापित कर मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

संविधान दिवस पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेशनल हाइवे किनारे स्थित राजकीय रूपादेवी सीनियर सैकडंरी स्कूल में विधिक सेवा समिति द्वारा विधि जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बार संघ अध्यक्ष सत्यनारायण प्रजापत ने संविधान के बारे में जानकारी देते हुए मूल कर्तव्यों व अधिकारों के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने न्याय के द्वार सभी के लिए समान रूप से खुले होने की बात कही। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी पुखराज तेजी, एडवोकेट किशन स्वामी, तालुका वैदिक समिति के जगदीश, एडवोकेट सुखदेव व्यास ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पीड़ित पक्षकार के अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में, नि:शुल्क न्याय व्यवस्था के बारे में, छात्रों के हितों के बारे में विभिन्न जानकारियां दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाशंकर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ साथ संविधान के बारे में जागरूक होना चाहिए। इस दौरान स्कूल का स्टाफ व सभी विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्वयं सहायता समूह की आम सभा में कार्यकारिणी का गठन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति बापेऊ की वार्षिक आम सभा का आयोजन सोनियासर मीठिया में संपन्न हुई। सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें श्रीमती शंपूदेवी को अध्यक्ष, श्रीमती पतासी देवी को उपाध्यक्ष, सचिव पद पर श्रीमती संपत कंवर व कोषाध्यक्ष पद पर श्रीमती सुदंर देवी को चुना गया है। कार्यक्रम में सरपंच नंदकिशोर बिहाणी, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक रघुनाथ डूडी, राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सावंतसर के शाखा प्रबंधक कुलदीप, श्रीमती ममता शर्मा अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर सभा की शुरूआत की व समिति सदस्यों ने इनका स्वागत सम्मान किया। इस दौरान मैना गोदारा, मोनिका सारण, पिंकी कंवर, लीला स्वामी, मिरगा देवी, विजय पंवार, सोना बावरी, सहित बड़ी संख्या में राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य शामिल हुई। सभा की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती सदा कंवर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने समिति द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने की प्रेरणा सदस्यों को दी। अध्यक्ष ने सभी का आभार जताया।

जिला अस्पताल में 40 लाख का दिया सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला अस्पताल पीबीएम में मेटरनिटी ऑपरेशन थिएटर में महापुरूष समारोह समिति, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा 40 लाख रूपयों का सहयोग दिया गया है। समिति अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने कार्यों का निरीक्षण करते हुए बताया कि समिति द्वारा लेबर रूम में मरम्मत कार्य, निर्माण, आधुनिक औजार, यंत्र व मशीनें इत्यादि उपलब्ध करवाने में समिति ने 40 लाख से अधिक की राशि खर्च की है। ये कार्य श्रीडूंगरगढ़ के भामाशाहों के सहयोग से करवाए जा रहें है। मातृत्व स्वास्थ्य निदेशक जयपुर डॉ तरूण चौधरी की अगुवाई में कार्यों का मंगलवार को निरीक्षण किया गया। अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ स्वाति, डॉ पारूल, डॉ अनीता शर्मा, भी मौजूद रहें व समिति का आभार जताया।




