






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 दिसंबर 2024। क्षेत्र में कबड्डी, खो खो के बाद अब दो बालिकाएं वसुंधरा व प्रियंका ने मलखंभ खेल में नेशनल खेलने का इतिहास रचा है। वसुंधरा पुत्री विजय सिद्ध व प्रियंका पुत्री तुलछानाथ सिद्ध का कोटा में चल रहें मलखंभ प्रशिक्षण शिविर में फाइनल सलेक्शन हासिल कर लिया है। अब दोनों 9 दिसंबर से 13 दिसंबर तक उज्जैन में आयोजित नेशनल स्कूली प्रतियोगिता में भाग लेगी। दोनों बालिकाएं कस्बे के दयानंद विद्या निकेतन स्कूल की छात्राएं है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद बेनिवाल ने बताया कि दोनों बालिकाओं ने 8 अक्टूबर 2024 को भरतपुर में आयोजित 68वीं राज्य स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था। वहीं प्रशिक्षण शिविर के लिए भी सलेक्ट हुई। शिविर में कोटा, भरतपुर, गंगानगर, जोधपुर व राजस्थान के अन्य जिलों से आई हुई अनेक खिलाड़ियों को पछाड़ कर राजस्थान की टीम में अपना स्थान बनाया है। स्कूल के निदेशक सुभाष शास्त्री ने दोनों बालिकाओं को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा दी है।



