






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 दिसंबर 2024। 2024 के साल ने जाते जाते क्षेत्र को एक बड़ा तोहफा भारतीय वायु सेना द्वारा प्राप्त हुआ है। अंचल के गौरव और माँ भारती के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी की स्मृति उनके पैतृक गांव बिग्गाबास रामसरा के राउमावि के प्रांगण मे भारतीय वायु सेना का रिटायर्ड एयरक्राफ्ट लगेगा। इस संबंध में प्राथमिक स्तर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शहीद के पिता कन्हैयालाल सियाग दिल्ली गए हुए है व उन्होंने बताया कि वायु सेना ने एयरक्राफ्ट टीटीएलटी का अलॉटमेंट जारी करते हुए कुछ जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सियाग ने कहा कि इससे विद्यालय के बच्चों को देशसेवा के लिए प्रोत्साहन व प्रेरणा मिल सकेगी। शहीद के भाई सीताराम सियाग ने बताया कि इससे पूर्व गांव में शहीद स्मारक पर 2007 में टैंक विजयंत स्थापित किया गया था। शहीद की स्मृति में बीकानेर के प्रमुख चौराहे पर 2 अक्टूबर 2019 में एक एयरक्राफ्ट लगा, वहीं 7 मार्च 2020 में टैंक विजयंत स्थापित किया गया था। शहीद चंद्र चौधरी की स्मृति में ये चौथा अलॉटमेंट किया गया है। सियाग ने बताया कि रामसरा में रेलवे स्टेशन के पास 11 बीघा में स्टेडियम बना हुआ है जिसमें शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बना हुआ है। इसी परिसर में शहीद स्मारक भी 9000 मीटर का बना हुआ है व अब यहीं एक एयरक्राफ्ट भी स्थापित होगा। इस खबर के बाद क्षेत्र के देशप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।




