May 21, 2026
6f47c4a2ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अक्टूबर 2020। लॉकडाउन के दौरान पूरे देश में जरूरतमंदों एवं बाहरी जगह पर फंसे लोगों द्वारा जहां एक दूसरे की सहायता की मिसाल देखने को मिल रही थी वहीं इसी दौर में क्षेत्र को शर्मसार करने वाला प्रकरण भी सामने आया था। जिसमें क्षेत्र के गांव मोमासर में झारखंड प्रदेश की निवासी एक महिला के फंसे होने की स्थिति में गांव का ही निवासी युवक अवतारी प्रजापत द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। महिला से दुष्कर्म कर आरोपी फरार हो गया था एवं 9 अप्रैल को श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ था। छह माह से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस मुख्यालय सहित आईजी, जिला एसपी और सीओ द्वारा भी लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ सीआई वेदपाल शिवराण ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिवराण ने बताया कि आरोपी सूरत चला गया था एवं वहां पर मजदूरी करने लग गया था, जिसे जाल में फंसा कर क्षेत्र में बुलाया गया। क्षेत्र में पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी की तलाश में कांस्टेबल लेखराम एवं पवन कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।