






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 दिसम्बर 2024। शुक्रवार सुबह 5 बज कर 55 मिनिट पर जयपुर में बडा अग्निकांड हो गया एवं एक सीएनजी गैस से भरे टैंकर एवं एलपीजी गैस से भरे ट्रक की टक्कर में 41 गाडियां जल कर खाख हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जलने वाले वाहनों में 29 ट्रक, 2 बसें, 5 कारें, 1 ऑटो, 3 मोटरसाईकिलें शामिल है। घटना में 5 जनों के जिंदा जलने एवं 40 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। जयपुर कलेक्टर द्वारा मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार अजमेर रोड़ पर भांकरोटा में पुष्पराज पेट्रोल पंप के पास एक सीएनजी के टैंकर ने गलत दिशा में आते हुए एलपीजी सिलेण्डरों से भरे ट्रक को टक्कर मार दी एवं इस भीषण टक्कर के बाद भयावह मंजर हो गया। अग्निकांड में आग हवा के साथ फैलती गई एवं करीब 1 किलोमीटर के दायरे में एक एक कर 40 से अधिक गाडियां चपेट में आ गई एवं मौके पर भगदड़ मच गई। लोगों ने गाडियों में से उतर कर आग के बीच भागते हुए अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद चश्मदीद ने बताया कि एक गाड़ी टर्न ले रही थी एवं तभी दूसरा ट्रक सामने आ गया व दोनो में भीषण टक्कर हो गई। दमकल की 20 से अधिक गाडियों ने मौके पर पहुंच कर अब स्थिति को नियंत्रण में किया है। करीब चार घंटे तक हाईवे पर वाहन जलते रहे और अब हाईवे पर तबाही के मंजर दिख रहे है। देखें विशेष फोटो आप भी।




