






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 दिसम्बर 2024। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें खास खबरें एक साथ एक नजर में, देखें सभी आयोजनों के फोटो भी।
शिविर में पहुंचे क्षेत्रवासी दी 17 परिवादें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरूवार को पंचायत समिति सभागार में अटल जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी उमा मित्तल की अगुवाई में नगरपालिका, जलदाय, पशुपालन, बिजली, चिकित्सा, पंचायती राज, सांख्यिकी, महिला एवं बाल, सामाजिक न्याय, रसद एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में 17 परिवादें प्राप्त हुई एवं 11 परिवादों को मौके पर ही निस्तारित किया गया एवं 6 परिवादों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।

धरने पर पहुंचें चिकित्सा अधिकारी, धरनार्थियों ने जताया रोष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ट्रोमा सेंटर के जल्द निर्माण शुरू करवाने के लिए ट्रोमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति का धरना गुरूवार को 73वें दिन जारी रहा। गुरूवार को उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन दिया गया एवं उपखण्ड अधिकारी के निर्देशों पर तहसीलदार कुलदीप मीणा, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेन्द्र सोनी, चिकित्सालय प्रभारी डॉ एसके बिहानी धरने पर पहुंचें एवं धरनार्थियों को इस संबध में विभाग द्वारा की गई कार्रवाही से अगवत करवाते हुए इस संबध में अगला निर्णय सरकार के स्तर पर ही होने की बात कही। अधिकारियों ने गत 20 दिसम्बर को चिकित्सा विभाग द्वारा जयपुर भेजे गए पत्र की प्रतिलिपी भी प्रदान की। वहीं दूसरी और धरनार्थियो ने सुनवाई नहीं होने पर रोष जताया।

शराब बंदी की मांग पर कड़ी ठंड में धरना 116वें भी जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धीरदेसर चोटियान में शराब बंदी की मांग पर ग्रामीणों का धरना कड़ी ठंड में भी लगातार जारी है एवं गुरूवार को 116वें दिन भी ग्रामीणों ने सुनवाई नहीं होने पर रोष जताया। धरने पर एडवोकेट श्याम सुंदर आर्य, लिछुराम चोटिया, कानाराम, मुन्नीराम, मालाराम, कैलाश, रामकुमार, ओमप्रकाश, बलबीर, विजय चोटिया, ओमप्रकाश बारोटिया, किशन चोटिया आदि ने प्रशासन एवं राजनेताओं द्वारा गंभीरता से नहीं लेने पर रोष जताया।

मृत मिली नील गाय, शिकार का आरोप, विभाग ने नकारा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार शाम को श्रीडूंगरगढ़ से रीड़ी कच्चे मार्ग पर शहर से करीब चार किमी दूर एक नील गाय का शव मिला है। आस पास के खेतों के किसानों द्वारा सूचना देने पर मौके पर क्षेत्र के सक्रिय युवा पहुंचें एवं नील गाय के घाव को देखते हुए शिकार किए जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर वन विभाग के कार्मिक भी पहुंचें एवं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग के कार्मिकों द्वारा प्रथम दृष्टया दो नील गायों की लड़ाई में चोट का घाव बताया गया है एवं पूरी स्थिति शुक्रवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही है।

डल्लेवाल के सर्मथन में निकालेगें मशाल यात्रा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले खरेनी बॉर्डर पर गत 30 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के सर्मथन मे क्षेत्र के किसानों में अब सहानुभूति के साथ साथ सुनवाई नहीं होने से आक्रोश की लहर फैल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को क्षेत्र के गांव मोमासर में युवा किसानों द्वारा मशाल जूलूस निकाला जाएगा। मोमासर के किसानों द्वारा एमएसपी गांरटी कानून बनाने, श्रीडूंगरगढ़ मूंगफली खरीद केन्द्र पर खरीद की सही ढंग से पारदर्शिता के साथ तुलवाई करवाने की मांग भी मशाल जुलुस के साथ बुलंद की जाएगी। शुक्रवार शाम पांच बजे गांव के भैंरूजी मंदिर से मशाल जूलूस रवाना होगा एवं मुख्य मार्गों से होते हुए मुख्य बाजार पहुंच कर पूर्ण होगा।



