






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 दिसंबर 2024। मोमासर गौरव व भामाशाह केएल जैन के दिल्ली स्थित उनके आवास पर राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर गुरूवार को पहुंचे व उनसे भेंट कर स्कूलों की स्थिति सुधार के लिए सुझाव लिए। मोमासर उपसरपंच जुगराज संचेती ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में स्कूल भवनों के निर्माणकर्ता भामाशाहों से स्कूलों की स्थिति सुधारने के संबंध में सुझाव लेने पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षा मंत्री ने केएल जैन से शालाओं की वस्तु स्थिति, संसाधनों की दशा, स्टाफ की स्थिति आदि की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुझाव भी लिए। गांव मोसमार में इचरज़ देवी पटावरी बालिका विद्यालय के निर्माता जैन ने उनके द्वारा निर्मित शाला की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया व स्टाफ के रिक्त पदों की जानकारी दी। इस दौरान जुगराज संचेती व सामाजिक कार्यकर्ता विद्याधर शर्मा शामिल हुए। विद्याधर शर्मा ने बताया कि कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि सरकार की ईच्छा है कि प्रदेश में भामाशाहों द्वारा निर्मित शालाओं में पूर्ण संसाधनों समेत स्वीकृत पदों को प्रायोरिटी के साथ भरा जाए व उनसे सुझाव लेकर प्रदेश में लागू किए जाए। वार्ता में विद्यालय विकास प्रबंधन समिति में भामाशाह का प्रतिनिधि आवश्यक रूप से शामिल करने की बात कही गई जिस पर मंत्री ने उपस्थित अधिकारी को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं गांव मोमासर में एक आवासीय पाठशाला खोलने की कार्रवाई प्रारंभ करने का आश्वासन भी दिया। इसी के साथ गांव में सीवरेज लाइन की व्यवस्था, राज्य सरकार की ग्राम पंचायत क्षेत्र में कोई प्रोविजन हुआ तो मोमासर को वरीयता देने की बात उपसरपंच ने रखी। मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने मोमासर के नवनिर्मित पंचायत भवन के फोटो व विजुअल देखकर भवन के निर्माता केएल जैन का आभार जताया।





