






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जनवरी 2025। प्रदेश भर में खराब होने के बाद खुले पड़े बोरवेलों में बच्चों के गिरने, उनकी अकाल मौत होने के हादसों के बाद प्रदेश स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर जहां सरकारी बोरलेवों को पंचायत, प्रशासन द्वारा बंद किया जा रहा है, वहीं निजी भूमि पर बोरवेल खुला छोड़ देने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की तैयारियां की जा रही है। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के विकास अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के निजी भूमि पर बोरवेल खुला हो तो उसे ढकवा देने, लोरिंग, अनलोरिंग करने के दौरान ढक्कन उतारे जाने पर भी कार्य पश्चात ढक्कन बंद कर देने की आम सूचना जारी की गई है। इसके बाद भी अगर किसी के भी यहां बोरवेल का ढक्कन खुला मिला एवं उसमें किसी प्रकार की कोई दुर्घटना या हादसा हुआ तो उसकी समस्त जिम्मेदारी संबधित भूमि मालिक की व्यक्तिगत ही होगी। प्रशासन ने आम जन से भी अपने आस पास कहीं भी बोरवेल या कुंआ खुला पड़ें होने पर संबधित ग्राम पंचायत कार्यालय, पंचायत समिति में सूचना देने की अपील की है।



