






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जनवरी 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में देखें दिन भर की पांच खास खबरें एक साथ एक नजर में, विशेष फोटो एवं विडियो के साथ जानें विभिन्न आयोजनों की जानकारी।
रामलला जन्मस्थान पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का प्रथम स्थापना दिवस मनाया विशेष अंदाज में, देखें वीडियो।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के प्रथम स्थापना दिवस पर क्षेत्र के संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में विशेष अंदाज में समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य मनोज गुंसाई ने बताया कि इस मौके पर बीकानेर के प्रख्यात नृत्य शिक्षक एवं इवेंट निर्देशक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में बच्चों ने सामूहिक रूप से ताली योगा का अभ्यास किया एवं प्रस्तूती दी। सुरेन्द्र सिंह ने स्वस्थ जीवन में ताली योगा का महत्व बताया एवं बच्चों को अपने घरों पर भी कर सकने की बात कही। विद्यालय सचिव ललिता गिरी गुंसाई ने आभार जताते हुए बच्चों को भगवान श्रीराम के जीवन आर्दशों पर चलने की प्रेरणा दी। भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से शुरू कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। यहां दी गई लिंक पर क्लिक कर आप भी देखें ताली योगा का यह विशेष वीडियो – https://www.facebook.com/share/v/15UgbmGgVj/
बिग्गा में सजाया मंदिर, किया महाप्रसाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रामलला जन्मस्थान प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम स्थापना दिवस पर गांव बिग्गा के पुष्करणा बास स्थित खेजड़ली बालाजी धाम मंदिर की विशेष सजावट की गई एवं मंदिर में सुंदरकांड व सामूहिक रूप से मंत्रजाप किया गया। इस मौके पर सामूहिक महाप्रसाद का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रसाद प्राप्त किया व मंदिर में विशेष पूजन किया।

मनाया वार्षिक खेल दिवस, हुए विभिन्न आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की ताल मैदान पीएम श्री राउमावि में बुधवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार सैनी, उपाचार्य संदीप कुमार डूडी एवं प्रेम सिंह राठौड़ ने किया व गतिविधि प्रभारी प्रदीप कुमार कौशिक ने खेल-नियमों की पालना संबधी शपथ दिलवाई। शारीरिक शिक्षिका कुसुम देवी की अगुवाई में मार्च पास्ट किया गया, जिसमें शाला के पृथ्वी, आकाश, वायु, जल एवं अग्नि पांचों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया व अपने अपने सदन के झंडे के साथ कदम से कदम मिलाए। खेल दिवस आयोजन के पहले दिन 100 मीटर दौड, 200 मीटर दौड़, खो-खो, बाधा दौड़, रस्सा-कस्सी, जलेबी दौड़ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सदन प्रभारी भंवरलाल स्वामी, बालाराम मेघवाल, दुर्गा देवी, सोमेन्द्र बैंस, सुखाराम रेगर सक्रिय रहे एवं शिक्षक दीपक चौधरी, मदनलाल कड़वासरा, यशोदा सुथार, राधेश्याम रैगर, कविता जानूँ, सोनल शर्मा, रामलाल नाथ सिद्ध, नन्द किशोर सैनी, सुरभी पारीक आदि ने निर्णायक की भूमिका अदा की।

गणतंत्र दिवस के मौके पर अब्दुल कलाम सोसायटी करवाएगी फिजियोथैरेपी शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र की सामाजिक संस्था अब्दुल कलाम सोसायटी द्वारा आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर हड्डी, जोड़ रोग उपचार एवं फिजियोथैरेपी शिविर का आयोजन करवाया जाएगा। मोमासर बास में स्थित तेलियान मदरसा ग्राऊंड में सुबह 11 बजे से सांय 5 बजे तक आयोजित होने इस शिविर में एनएम चिकित्सालय बीकानेर के हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ मोहम्मद आरिफ, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ वसीम अहमद अपनी सेवांए देगें।
रक्तदान के लिए सम्पर्क जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणतंत्र दिवस के मौके पर सामाजिक संस्था नागरिक विकास परिषद द्वारा आयोजित करवाए जाने वाले रक्तदान शिविर के लिए संस्था कार्यकर्ताओं द्वारा प्रसार प्रसार एवं सम्पर्क किया जा रहा है। शिविर प्रभारी रमेश प्रजापत ने बताया कि शिविर में रक्तदान के युवाओं का अग्रीम पंजीयन किया जा रहा है एवं शिविर में बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया जाएगा।



