






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जनवरी 2025। क्षेत्र के प्रसिद्ध व भव्य हंसोजी धाम में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह आज कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। संत सोमनाथ जी के सान्निध्य में गाजे बाजे के साथ आयोजन प्रारंभ हुआ। महंत भंरवानाथ रथ पर सवार हुए व हंसोजी महाराज के जयकारों के साथ कलश यात्रा धाम से रवाना हुई। गांव के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए ठाकुरजी मंदिर से होकर कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची। बड़ी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं मंगल वेश में कलश लेकर शामिल हुई। कथा स्थल पर भागवत प्रारंभ हुई व कथावाचक सोनियासर वाले आशाराम महाराज ने पहले दिन कथा का माहत्म्य सुनाया। महाराज ने कलयुग में कथाश्रवण के पुण्य का वर्णन करते हुए नामजप का महत्व बताया। वहीं यज्ञाचार्य बृजमोहन के सान्निध्य में नवकुंडात्मक रूद्र महायज्ञ प्रारंभ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। रूघनाथ ज्याणी द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं की देखरेख की जा रही है। आयोजन मंडल के ओमनाथ ज्याणी ने बताया कि 5 फरवरी को पूर्णाहुति हवन व महाप्रसादी का विशाल आयोजन होगा। जिसमें रात्रि को जम्मे में जसनाथी अग्नि नृत्य भी करेंगे।
भव्य प्रवेश द्वार का होगा लोकार्पण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर में हंसोजी धाम के सामने मुख्य मार्ग पर भामाशाह मोहनलाल सिंघी द्वारा भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण करवाया गया है। ओमनाथ ने बताया कि गत वर्ष माघ सप्तमी को हंसोजी धाम में आयोजित समारोह में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा व सरपंच प्रतिनिधि मुकननाथ ज्याणी की प्रेरणा से भामाशाह मोहनलाल सिंघी ने इस द्वार के निर्माण की घोषणा की। वहीं इस वर्ष ये निर्माण पूरा हो गया है। जिसका लोकार्पण 5 जनवरी को पूर्व विधायक गोदारा व भामाशाह सिंघी द्वारा ही किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। बता देवें लिखमादेसर गांव का ये भव्य मुख्य द्वार 28 फुट चौड़ा व 35 फुट ऊंचा बनाया गया है।







