May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-02-02 at 10.54.15

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 फरवरी 2025। मंदी में चार की जगह तीन वैस्टेज में सोने की रखड़ियां घड़ाई कर देने के नाम पर एक सुनार से 82+27 ग्राम शुद्ध सोना व 12 सोने की रखड़ियां हड़प लेने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने बताया कि आड़सर बास निवासी 41 वर्षीय मोहनलाल पुत्र राजकुमार सुनार ने कस्बे के ही निवासी बाबूलाल व श्रवणकुमार पुत्र मदनलाल सुनार के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि मौसूण प्लाजा में उसकी स्वर्णकारी की दुकान है। आरोपी घड़ाई का काम करते है। 10 नवबंर 2024 को आरोपी बाबूलाल आया और मंदी में कम वैस्टेज में रखड़ियां तैयार करवाने की बात कही। उसने चार वैस्टेज की जगह तीन वैस्टेज में काम कर देने की बात कही। परिवादी ने उसे 82 ग्राम शुद्ध सोना 20 कैरेट सोने की रखड़ियां बनाने के लिए उसे दे दी। परिवादी ने अपने भाई राकेश उर्फ रामनारायण के सामने ही सोना दिया व आरोपी ने 15 दिनों में 82 ग्राम में करीब 30 रखड़ियां घड़ाई कर ला देने की बात कही। 11 नवंबर 2024 को आरोपी पुन उसकी दुकान पर आया और बोला उसकी दुकान पर होलसेल में रखड़ियां खरीदने के लिए ग्राहक आया है। परिवादी ने उसे 28.740 ग्राम की 12 तैयार रखड़िया दे दी। आरोपी ने उसी दिन रखड़िया नहीं लौटाई और 12 नवबंर को रखड़ी लौटाने की बात कही। 15 नवंबर को आरोपी के भाई श्रवण ने उसे झांसा देकर 27 ग्राम सोना और ले गया। आरोपी 16 नवंबर तक रखड़ियां नहीं लाया और तकादा करने पर टालता रहा। समाज के अनेक मौजिज लोगों से समझाईश करवाई पर आरोपियों पर असर नहीं हुआ। परिवादी ने बताया कि बाबूलाल ने रखड़िया बनाकर नहीं दी और 12 तैयार रखड़िया भी नहीं लौटाई, उसके भाई ने 27 ग्राम शुद्ध सोना भी नहीं लौटाया। तकादा करने पर सोना व रखड़ियां हड़प करने की बात कहते हुए जान से मार देने की बात कही। परिवादी ने सोना व रखड़ियां बरामद करवाने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल देवाराम को सौंप दी है। विदित रहें दोनों आरोपियों के व इनके पिता के खिलाफ गत 30 जनवरी को भी 400 ग्राम सोना हड़प लेने का आरोप कालूबास निवासी मुकेश पुत्र भागीरथ सुनार ने लगाए थे। उस मामले की जांच भी हैड कांस्टेबल देवाराम के द्वारा की जा रही है।